नई दिल्ली। देश में कोरोना संक्रमण की घटना में वृद्धि दर्ज की गई हैं। जिन राज्यों में यह मामला बढ रहा है, उसके साथ ही केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय भी चिंतित है। तमाम सुरक्षा उपायोें पर गहन विचार किया जा रहा है। जनता से सहयोग करने की अपील की जा रही है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कई जिलों में दोबारा लाॅकडाउन जैसे निर्णय को भी बाध्य होना पडा है।
असल में, केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि पिछले 24 घंटे में 14,989 नये मामले सामने आये हैं। महाराष्ट्र में एक दिन में सबसे अधिक 7,863 नये मामले सामने आये। इसके बाद केरल में 2,938 जबकि पंजाब में 729 नये मामले सामने आये। मंत्रालय ने कहा , ‘‘ महाराष्ट्र , पंजाब , गुजरात , मध्य प्रदेश , दिल्ली , हरियाणा और कर्नाटक में नये मामले सामने आ रहे हैं। ’’ उसने कहा कि केन्द्र उन राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों के लगातार संपर्क में है और जानकारी ले रहा है, जहां इस महामारी के मामलों की संख्या बढ़ रही है। मंत्रालय ने कहा कि राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों को कोविड -19 को फैलने से रोकने के लिए पर्याप्त कदम उठाने और कड़ी सतर्कता बनाये रखने की सलाह दी गई है।
मुंबई पुलिस के प्रवक्ता एस. चैतन्या के अनुसार, पिछले 13 दिनों में मुंबई पुलिस ने 58 हजार से ज्यादा लोगों पर मास्क न पहनने को लेकर कार्रवाई की है। अब तक मुंबई पुलिस ने 1,16,00,000 रुपये से ज्यादा का जुर्माना वसूला है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र में एक दिन में सबसे अधिक 6,332 लोग स्वस्थ हुए हैं। पिछले 24 घंटे में केरल में 3,512 लोग और तमिलनाडु में 473 लोग स्वस्थ हुए हैं। पिछले 24 घंटे में इस महामारी से 98 और लोगों की मौत हुई है। केंद्र सरकार ने कोविड -19 के हाल में बढ़े मामलों से निपटने के लिए उच्च स्तरीय टीमों को महाराष्ट्र , केरल , छत्तीसगढ़ , मध्य प्रदेश , गुजरात , पंजाब , कर्नाटक , तमिलनाडु , पश्चिम बंगाल , और जम्मू और कश्मीर रवाना किया है। तीन सदस्यीय टीमों का नेतृत्व स्वास्थ्य मंत्रालय में संयुक्त सचिव स्तर के अधिकारी कर रहे हैं।