केंद्रीय मंत्री जोशी ने सीएम केजरीवाल को क्यों कहा झूठा ?

नई दिल्ली। हाल के दिनों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जब से रेवड़ी कल्चर को लेकर भाषण दिया है, उसके बाद से दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल लगातार भाजपा और केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना कर रहे हैं। भाजपा और आम आदमी पार्टी के नेताओं के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है।

इस बीच केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को झूठा भी कह दिया है। उन्होंने कहा कि मेरे हिसाब से अरविंद केजरीवाल गैरज़िम्मेदारऔर झूठे हैं। हर मुद्दे पर वे झूठ बोलने की कोशिश करते हैं। कल सवाल उठे हैं कि दिल्ली के स्कूल अगर इतने अच्छे हैं तो AAP के विधायकों और मंत्रियों के बच्चे उस स्कूल में क्यों नहीं पढ़ते?

भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र सरकार अपनी कल्याणकारी नीतियों से समाज के वंचित लोगों को सशक्त बना रही है, वहीं कुछ दल सियासी फायदे के लिए मुफ्त रेवड़ी कल्चर से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। इन दलों के द्वारा रेवड़ी कल्चर राजनीतिक लाभ के लिए लॉलीपॉप देने की संस्कृति बना ली गई है। पूनावाला ने सीएम केजरीवाल को घेरते हुए कहा कि दिल्ली सरकार द्वारा संचालित 1,027 स्कूलों में से 700 से अधिक में कक्षा 11 और 12 में विज्ञान और वाणिज्य के शिक्षक नहीं हैं। 745 से अधिक स्कूलों में कोई प्रधानाध्यापक नहीं है। लगभग 418 स्कूलों में कोई उप प्रधानाचार्य नहीं है। इतना ही नहीं आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए 40,000 सीटें आरटीई अधिनियम के अनुसार नहीं भरी गई हैं।