जयपुर। राजस्थान में कांग्रेस सरकार और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के लिए फिर से नया संकट उत्पन्न हो गया। सरकार के तीन मंत्रियों ने इस्तीफा दे दिया है। राजस्थान कांग्रेस प्रभारी अजय माकन ने इसकी पुष्टि की और कहा कि तीनों मंत्रियों ने संगठन में काम करने की इच्छा से ऐसा किया है। हालांकि, सियासी गलियारों में कई तरह की बातें हो रही है।
मंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद गोविंद सिंह डोटासारा ने कहा कि मैंने सोनिया गांधी को अपने मंत्री पद से इस्तीफा दिया है। हम संगठन के माध्यम से राजस्थान सरकार की योजनाओं को जनता तक ले जाएंगे और मोदी सरकार की विफलताओं के बारे में बताएंगे।
असल में, पूरी संभावना है कि राजस्थान में अशोक गहलोत जल्द ही अपनी कैबिनेट का विस्तार करेंगे। 21 या 22 नवंबर को नए मंत्री शपथ ले सकते हैं। तीन मंत्रियों के इस्तीफों के बाद गहलोत मंत्रिमंडल में अब 12 नए मंत्रियों की ताजपोशी का रास्ता साफ हो गया है। शुक्रवार शाम को ही जयपुर पहुंचे राजस्थान कांग्रेस के प्रभारी महासचिव अजय माकन ने इस्तीफे की पुष्टि करते हुए कहा कि तीनों मंत्रियों ने सोनिया गांधी को खत लिखकर मंत्री पद छोड़ने की इच्छा जताई थी क्योंकि यह सभी नेता संगठन के लिए काम करना चाहते हैं।
दरअसल हाल ही में राजस्थान में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और सचिन पायलट के बीच लंबे समय से चली आ रही खींचतान को खत्म करने की कोशिश के तहत पार्टी आलाकमान के दखल के बाद दोनों नेताओं के बीच कैबिनेट विस्तार का फॉर्मूला तय हुआ था।