Happy Birthday, जश्न-ए-66 Annu Kapoor, 70 साल के बुजुर्ग का था पहला रोल

आज अन्नू कपूर 66 वां जन्मदिन सेलिब्रेट कर रहे हैं। एक्टर ने रेडियो जॉकी से लेकर बॉलीवुड एक्टर तक का सफर तय किया है। वह मुंबई सिर्फ 419 रुपए 25 पैसे लेकर आए थे।

नई दिल्ली। सोचा था कि सरकारी अफसर बनूंगा, पर किस्मत को कुछ ओर ही मंजूर था। बात कर रहे हैं अन्नू कपूर की। अन्नू कपूर बचपन से ही पढ़-लिखकर आईएएस ऑफिसर बनना चाहते थे। पर किस्मत उन्हें बॉलीवुड में ले आई। अन्नू कपूर ने अपनी कहानी अपनी ही जुबानी बयां भी की है।

एक्टर को जब इंडस्ट्री में 38 साल पूरे हुए थे तब उन्होंने अपने करियर की कहानी सोशल मीडिया पर लिखी थी। अन्नू कपूर ने बताया था जब वह मुंबई आए थे तो केवल 419 रुपए 25 पैसे लेकर आए थे। अन्नू कपूर कभी आईएएस अफसर बनना चाहते थे लेकिन पैसों की कमी के कारण वह पढ़ाई पूरी नहीं कर पाए।

कुछ चीज़ें अन्नू को विरासत से मिलीं हैं, जैसे थिएटर, एक्टिंग। अन्नू कपूर के पिता थिएटर चलाते थे और उनकी मां स्कूल में टीचर थीं। उनके परिवार की कमाई इतनी नहीं थी, इसलिए घर को चलाने के लिए अन्नू कपूर ने कभी चाय तो कभी चूरन भी बेचा था. अन्नू कपूर ने घर की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण अपनी पढ़ाई बीच में ही छोड़ दी थी।

अन्नू कपूर ने हार नहीं मानीं। पढ़ाई छोड़ने के बाद एक्टर ने दिल्ली स्थित नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा ज्वाइन कर लिया था। अन्नू कपूर ने सबसे पहला रोल एक 70 साल के बुजुर्ग का किया था। उनकी जिंदगी बदल देने वाले इस किरदार को वह बहुत मानते हैं।

अन्नू कपूर को यह रोल करते हुए फिल्म मेकर श्याम बेनेगल ने देखा था और उसके बाद उन्होंने एक्टर को फिल्म मंडी के लिए कास्ट कर लिया था। बस फिर क्या था अन्नू कपूर ने अपने कई रंग दर्शकों को दिखाए, कभी रेडियो जॉकी तो कभी टीवी शो होस्ट तो कभी एक बेहतरीन एक्टर।