जय किसान आंदोलन का कार्यकर्ता प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न

मुजफ्फरनगर। रामपुर तिराहा स्थित स्वामी कल्याण देव युवा विकास संस्थान प्रांगण में जय किसान आंदोलन का कार्यकर्ता प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। जनपद मुजफ्फरनगर के विभिन्न क्षेत्रों से आए कार्यकर्ताओं को जय किसान आंदोलन के वरिष्ट नेताओं द्वारा प्रशिक्षण दिया गया। प्रातः 10 बजे से दोपहर दो बजे तक चले कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को संगठन की आवश्यकता, भूमिका, कार्यक्रम एवम भावी योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। मेरठ से आए मनीष भारती ने संगठन की मूल अवधारणा पर, बुलंदशहर से आए आत्मप्रकाश ने संगठन की योजनाओं के विषय में, और मेरठ के अशोक पंवार ने चल रहे कार्यक्रमों के विषय में कार्यकर्ताओं को जानकारी दी।

दूसरे सत्र में सभी कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने विचार रखे। कार्यक्रम का सूक्ष्मता से निरीक्षण कर रहे उत्तर प्रदेश प्रधान संगठन के अध्यक्ष श्री डी पी सिंह और जय किसान आंदोलन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कर्नल जयवीर सिंह ने व्यक्तिगत रूप से सभी कार्यकर्ताओं को विचार संप्रेषण की तकनीक बताई और उनके संबोधन में रह गई खामियों के विषय में बताया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में आए सभी कार्यकर्ताओं को मुजफ्फरनगर अध्यक्ष वेदपाल गुर्जर द्वारा धन्यवाद ज्ञापित किया गया और संगठन की टोपियां भेंट कर उनसे संगठन के प्रति समर्पित रहने की सहमति प्राप्त की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रदेश अध्यक्ष राजनेत यादव ने सभी प्रशिक्षार्थियों को किसान संगठन की आवश्यकता पर बल देते हुए इसे किसानों के भविष्य से जोड़ा। कर्नल जयवीर सिंह ने जय किसान आंदोलन की अब तक की यात्रा पर विस्तार से प्रकाश डाला और भविष्य के दूरगामी लक्षों के लिए कमर कसने का पाठ पढ़ाया। कार्यक्रम का संयोजन पुष्पेंद्र कुमार ने किया।