महंगाई की एक और मार, रसोई गैस की कीमत फिर बढ़ी 50 रुपये

नई दिल्ली। आम आदमी के जेब पर महंगाई का जोर चल रहा है। सरकार लगातार महंगाई को रोकने में नाकाम साबित हो रही है। घरेलू उपयोग में आने वाली एलपीजी गैस की कीमत में शनिवार को फिर से वृद्धि की गई है। तेल कंपनियों ने घेरलू एलपीजी सिलेंडर के दाम भी 50 रुपए बढ़ा दिए। दाम बढ़ने के बाद अब 14.2 किलोग्राम का एलपीजी सिलेंडर 999.50 रुपए का मिलेगा।

दो महीने पहले मार्च में ही तेल कंपनियों ने घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 50 रुपए का इजाफा किया था। वहीं, पिछले हफ्ते कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में भी 102 रुपए की बढ़ोत्तरी हुई थी। इस समय 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत 2253 रुपए है। बता दें कि देश के कई राज्यों में इस समय डीजल और पेट्रोल की कीमतें 100 रुपए के पार हैं। दिल्ली में पेट्रोल की कीमतें इस समय 105.41 रुपए प्रति लीटर और डीजल के दाम 95.87 रुपए प्रति लीटर हैं।

AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि इनकम नहीं बढ़ रही है, इन्फ्लेशन बढ़ रहा है। RBI की रिपोर्ट आने वाली है, वे 8% महंगाई दर बताएंगे।