भारत बंद का ये दिख रहा है मिलाजुला असर

नई दिल्ली। संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) सहित कई किसान संघों ने अपनी मांगों को मनवाने के लिए आज भारत बंद का आह्वान किया है। सुबह 6 बजे से शाम चार बजे तक चलने वाली इस राष्ट्रव्यापी हड़ताल का मिलाजुला असर देखने को मिल रहा है। भारत बंद के आह्वान को देखते हुए दिल्ली की सीमाओं पर सुरक्षा के तगड़े इंतजाम किये गये हैं जिसके चलते जरूर हर जगह ट्रैफिक जाम की स्थिति देखने को मिल रही है। सीमाओं पर सुरक्षा बल वाहनों की जांच के बाद ही उन्हें दिल्ली में प्रवेश की अनुमति दे रहे हैं जिससे जाम की स्थिति उत्पन्न हो गयी है। हरियाणा में किसान संगठनों द्वारा कुछ टोल प्लाजाओं पर प्रदर्शन करने की भी खबरें हैं। हम आपको बता दें कि संयुक्त किसान मोर्चा के घटक भारतीय किसान यूनियन (बीकेयू) ने भी किसानों की कई अधूरी मांगों का हवाला देते हुए भारत बंद का समर्थन किया है। नोएडा स्थित भारतीय किसान परिषद (बीकेपी) ने भी आज के भारत बंद को समर्थन दिया है। शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक किसान नेताओं के प्रभाव वाले ग्रामीण इलाकों में जरूर बंद का कुछ असर देखा जा रहा है लेकिन व्यापक तौर पर बंद का कोई असर नहीं दिख रहा है।

इसके अलावा, व्यापारियों के संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) ने कहा है कि वह भारत बंद का हिस्सा नहीं होगा और अपना कारोबार हमेशा की तरह करेगा। व्यापारियों के निकाय ने कहा है कि देश भर के सभी बाजार पूरी तरह से चालू हैं जिससे नियमित व्यावसायिक गतिविधियां सामान्य रूप से चल रही हैं। CAIT के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीसी भरतिया और राष्ट्रीय महासचिव प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि भारत बंद के दौरान व्यापारी अपने प्रतिष्ठान खुले रखेंगे और जनता को आवश्यक वस्तुओं और सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करेंगे। इस बीच, दिल्ली जाने वाले और वापस आने वाले यात्रियों से आग्रह किया गया है कि वे असुविधा से बचने के लिए “जहां तक संभव हो” मेट्रो रेल सेवा का उपयोग करें।

बता दें कि किसान संघों द्वारा भारत बंद के आह्वान के समर्थन में शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति (एसजीपीसी) ने अपने कार्यालय और शैक्षणिक संस्थान बंद रखे हैं। इसके अलावा, भारत बंद के मद्देनजर दिल्ली से सटे नोएडा में सीआरपीसी की धारा 144 के तहत प्रतिबंध लगाए गए हैं, जिसमें राजनीतिक या धार्मिक सहित अनधिकृत सार्वजनिक सभाओं, जुलूसों या प्रदर्शनों पर प्रतिबंध शामिल है। बताया जा रहा है कि भारत बंद के आह्वान के बावजूद आपातकालीन सेवाएं हमेशा की तरह जारी हैं और अस्पताल, मेडिकल दुकानें और एम्बुलेंस सेवाएं सहित अन्य सेवाएं सामान्य रूप से चल रही हैं। इसके अलावा स्कूल और कॉलेज भी खुले हैं। सीबीएसई की बोर्ड की परीक्षाएं भी शुरू हो चुकी हैं और वह भी सामान्य रूप से चल रही हैं। इसके अलावा बैंक और अन्य वित्तीय संस्थान भी सामान्य रूप से काम कर रहे हैं।