एक बार फिर डरा रही है बारिश, केदारनाथ में हुआ भूस्खलन

 

देहरादून। दक्षिण पश्चिमी मानसून पूरे देश में छा गया है। कई राज्यों में लगातार बारिश हो रही है, जिससे बाढ़ के हालात बन गए हैं। इस बीच रविवार को उत्तराखंड में केदारनाथ मंदिर के पास भूसखलन हुआ। मंदिर के पीछे पहाड़ी पर सुबह करीब साढ़े पांच बजे गांधी सरोवर के ऊपर बर्फ का बड़ा हिस्सा टूट कर गिर गया। हालांकि इसमें जानमाल का नुकसान नहीं हुआ। इससे पहले उत्तराखंड के हरिद्वार में शनिवार को गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से करीब एक दर्जन गाड़ियां बह गई थीं।

मानसून की बारिश के बीच बिहार के बाद झारखंड में एक पुल गिरने की घटना हुई है। झारखंड के गिरिडीह जिले में मानसून की पहली बारिश में ही एक निर्माणाधीन पुल गिर गया। गिरिडीह के देवरी प्रखंड में अरगा नदी पर यह पुल साढ़े पांच करोड़ की लागत से बन रहा था, लेकिन शनिवार को बारिश के कारण नदी का जलस्तर बढ़ गया और नदी की तेज धारा की वजह से पुल की एक हिस्सा टूट कर गिर गया।

इस बीच मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में रविवार को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया। इन राज्यों में दोजुलाई तक ऑरेंज अलर्ट है। उधर पूर्वोत्तर के राज्यों मेघालय, अरुणाचल, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 30 जून से तीन जुलाई के बीच भारी बारिश का अलर्ट है। अरुणाचल प्रदेश में रेड अलर्ट जारी है।

आमतौर पर मानसून आठ जुलाई तक पूरे देश को कवर करता है लेकिन मौसम विभाग के मुताबिक इस बार 30 जून को ही यह पूरे देश में पहुंच गया। बहरहाल, हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में शनिवार को भारी बारिश हुई, जिससे कांगड़ा, कुल्लू और किन्नौर जिलों में तीन सड़कों पर ट्रैफिक बंद कर दिया गया है। वहीं, असम में पिछले तीन दिनों से लगातार बारिश के कारण बाढ़ की स्थिति बन गई है। डिब्रूगढ़ में सीआरपीएफ कैंप, पुलिस कैंप, लोगों के घरों में पानी भर गया है। राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को हुई भारी बारिश का असर रविवार तक देखने को मिला। मौसम विभाग ने रविवार को भारी बारिश की चेतावनी जारी की थी लेकिन बारिश नहीं हुई।