Independence Day 2024 : मुख्यमंत्री ने नहीं, मंत्री कैलाश गहलोत ने किया फहराया तिरंगा

 

नई दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दिल्ली सरकार का राजकीय समारोह छत्रसाल स्टेडियम में आयोजित किया गया। इस बार मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के स्थान पर पहली बार मंत्री कैलाश गहलोत ने ध्वजारोहण किया और परेड को सलामी दी। अपने भाषण में, कैलाश गहलोत ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को आधुनिक स्वतंत्रता सेनानी के रूप में संबोधित किया।

गहलोत ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की जनता के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए और जेल जाना स्वीकार किया, लेकिन लोकतंत्र के विरोधियों के सामने झुकना स्वीकार नहीं किया। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या हमें आजादी इसलिए मिली थी ताकि एक चुने हुए व्यक्ति को जेल में डाल दिया जाए।

मंत्री कैलाश गहलोत ने छत्रसाल स्टेडियम में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर अपने भाषण की शुरुआत करते हुए सभी उपस्थित लोगों और स्कूली बच्चों को आजादी के जश्न की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने स्वतंत्रता प्राप्ति के लिए की गई कुर्बानियों को याद करते हुए उन सभी को दिल से नमन किया।

गहलोत ने दुख जताया कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जेल की सलाखों के पीछे हैं और आज उनका काम उन्हें करना पड़ रहा है। उन्होंने गर्व के साथ कहा कि अरविंद केजरीवाल आधुनिक काल के स्वतंत्रता सेनानी हैं और लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले हर व्यक्ति को इस पर चिंतन करने की आवश्यकता है।

उन्होंने आगे कहा कि हमें आजादी इसलिए मिली थी ताकि हम देश को अशिक्षा, गरीबी, बेरोजगारी, और बीमारियों से मुक्त कर सकें। सीएम केजरीवाल ने मुफ्त बिजली, पानी, बेहतर शिक्षा, और स्वास्थ्य सेवाओं के माध्यम से इन समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक पहल की। गहलोत ने कहा कि मुख्यमंत्री केजरीवाल ने अपनी मुख्यमंत्री की अवधि में हर दिन नई चुनौतियों का सामना किया है, लेकिन उन्होंने दिल्ली के विकास कार्यों को कभी भी नहीं रोका।