वाराणसी।महाकुंभ के पलट प्रवाह से आध्यात्मिक नगरी काशी में 45 दिनों तक श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा रहा। इस दौरान तीन करोड़ श्रद्धालुओं ने बाबा विश्वनाथ का दर्शन किया।
श्रद्धालुओं की संख्या ने नया रिकॉर्ड बना दिया है।औसतन आंकड़ों की अगर बात की जाए तो प्रतिदिन साढ़े छह लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने बाबा विश्वनाथ का दर्शन किया है। मंदिर के इतिहास में श्रद्धालुओं की यह संख्या सबसे ज्यादा है।
सावन से ज्यादा माघ और फाल्गुन में श्रद्धालुओं ने बाबा विश्वनाथ का दर्शन किया है।महाशिवरात्रि और मौनी अमावस्या पर बेतहाशा श्रद्धालुओं की संख्या में इजाफा हुआ।
मौनी अमावस्या पर जहां 11 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने बाबा विश्वनाथ का दर्शन किया तो वहीं महाशिवरात्रि पर 46 घंटे में 17 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने बाबा विश्वनाथ का दर्शन किया।
13 जनवरी से 19 फरवरी के बीच श्रद्धालुओं की संख्या दो करोड़ का आंकड़ा पार कर गई थी। 27 फरवरी को जारी आंकड़ों के अनुसार यह आंकड़ा तीन करोड़ तक पहुंच गया। यानी आठ दिन में ही एक करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं ने बाबा विश्वनाथ का दर्शन किया।
साल 2024 में सावन महीने में 53.84 लाख श्रद्धालुओं ने बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया था। साल 2023 में श्रद्धालुओं की संख्या ने नया रिकॉर्ड बनाया था।
चार जुलाई से शुरू सावन में 60 दिनों में 1.63 करोड़ 17 हजार श्रद्धालुओं ने बाबा विश्वनाथ का दर्शन किया था। साल 2022 में सावन के महीने में एक करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं ने बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया था।