मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से जेपीएससी अध्यक्ष ने की शिष्टाचार भेंट

रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) के अध्यक्ष एल खियांग्ते ने बुधवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। यह शिष्टाचार भेंट कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में हुई। उन्होंने मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान विभिन्न विषयों पर चर्चा की।

उल्लेखनीय है कि पूर्व मुख्य सचिव एल खियांग्ते को 27 फरवरी को जेपीएससी का नया अध्यक्ष बनाया गया था। राज्य सरकार ने एल. खियांग्ते के नाम का प्रस्ताव भेजा था, जिस पर तत्काल निर्णय लेते हुए राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने इस पर मुहर लगा दी थी। जेपीएससी अध्यक्ष का पद छह माह से खाली था। 22 अगस्त 2024 को डॉ मेरी नीलिमा केरकेट्टा के रिटायर होने के बाद जेपीएससी अध्यक्ष की नियुक्ति नहीं हुई थी।

एल खियांग्ते झारखंड कैडर के 1988 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी हैं। उन्होंने 1987 में यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा पास की थी। मूल रूप से मिजोरम के रहने वाले एल खियांग्ते आदिवासी समुदाय से आते हैं। वह झारखंड के मुख्य सचिव और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (सीईओ) रह चुके हैं। इसके अलावा कई प्रमुख पदों पर भी उन्होंने काम किया है। एल खियांग्ते प्रशासनिक प्रशिक्षण संस्थान (एटीआई) के महानिदेशक भी रहे हैं। जेपीएससी के नये अध्यक्ष एल खियांग्ते इतिहास विषय में ग्रेजुएट हैं।