ओलंपिक से लौटने के बाद हर खिलाड़ी का हो रहा है अपने क्षेत्र में स्वागत

अमृतसर में शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की अध्यक्ष बीबी जागीर कौर ने टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष हॉकी टीम के सदस्यों को सम्मानित किया।

नई दिल्ली। देश का नाम पूरी दुनिया में उंचा करने स्वदेश वापसी पर हर भारतीय खिलाड़ियों का उनके इलाके में पहुंचने पर भव्य स्वागत हो रहा है। कई मंचों पर उन्हें सार्वजनिक रूप से अभिनंदन किया जा रहा है। इस दौरान खिलाड़ी अपने मन के भाव को भी व्यक्त कर रहे हैं। उनके परिजनों का सीना भी गर्व से चौड़ा हो रहा है।
महिला हॉकी टीम की खिलाड़ी वंदना कटारिया का देहरादून में जॉली ग्रांट हवाई अड्डे पर स्वागत किया गया। महिला हॉकी टीम की खिलाड़ी वंदना कटारिया ने कहा कि मुझे बहुत अच्छा लग रहा है, मैंने सोचा नहीं था कि इतना ज़्यादा हो पाएगा। हम लोग मेडल के बहुत नज़दीक थे, मेडल नहीं जीत पाए परन्तु हमने भारत में लोगों का दिल जीता है।
पंजाब के भारतीय पुरुष और महिला हॉकी खिलाड़ियों के परिवार के सदस्यों ने अमृतसर पहुंचने पर उनका स्वागत किया।पुरुष हॉकी टीम के खिलाड़ी गुरजंत सिंह ने कहा कि मेरे पिता मेरे शहर में आकर मेरा स्वागत कर रहे हैं इससे अच्छा और क्या हो सकता है। टीम का आत्मविश्वास काफी उंचा है। अगले महीने से हमारा कैंप शुरू हो जाएगा। अगले साल कॉमनवेल्थ गेम्स और एशियन गेम्स को लेकर काफी व्यस्त हैं।
पंजाब सरकार टोक्यो ओलंपिक में चौथे स्थान पर रहीं महिला हॉकी टीम के 2 सदस्यों और फाइनल में छठे स्थान पर रहीं डिस्कस थ्रोअर कमलप्रीत कौर को 50 लाख रुपये देगी और टोक्यो ओलंपिक में हिस्सा लेने वाले अन्य राज्य के खिलाड़ियों को 10 लाख रुपये दिए जाएंगे।
भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान रानी रामपाल अपने पैतृक स्थान (कुरुक्षेत्र) पहुंचीं। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने उनका स्वागत किया।

टोक्यो ओलंपिक में हॉकी टीम में हिस्सा लेने वाले ओडिशा के अमित रोहिदास, बीरेंद्र लाकड़ा, दीप ग्रेस एक्का और नमिता टोप्पो भुवनेश्वर पहुंचे। इस दौरान लोगों ने सभी खिलाड़ियों का स्वागत किया।