संजय सिंह की गिरफ्तारी के विरोध में AAP का प्रचंड प्रदर्शन

AAP सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे AAP कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ झड़प हुई।

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में कथित शराब घोटाले में आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी के विरोध में आम आदमी पार्टी के नेताओं-कार्यकर्ताओं ने प्रचंड प्रदर्शन किया है।

आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने AAP सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। संजय सिंह को दिल्ली उत्पाद शुल्क नीति मामले में उनके आवास पर ED की छापेमारी के बाद कल शाम गिरफ्तार किया गया था।

AAP सांसद संजय सिंह की गिरफ़्तारी पर नेशनल कॉन्फ्रेंस अध्यक्ष फारुख़ अब्दुल्ला ने कहा, “यह बहुत दुखद है। संजय सिंह सरकार के कई कृत्यों के खिलाफ संसद में काफी मुखर रहे हैं। वे लंबे समय से सरकार की नजरों में थे क्योंकि वे एक प्रखर वक्ता हैं.. मुझे लगता है, आज उनकी गिरफ्तारी चुनाव से पहले का शक्ति प्रदर्शन है। मैं उनकी गिरफ्तारी का विरोध करता हूं…वे शराब घोटाले का मुख्य आदमी कैसे हो सकते हैं, अब रिपोर्ट आने पर देखा जाएगा… कब तक ऐसा होगा, यह एक लोकतांत्रिक देश है…”

AAP सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी पर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, “मुझे इस बात का दुख है कि सरकार को ये लगता है कि जो भी उनके खिलाफ है उसे गिरफ्तार कर लो। एक ही दिन में पत्रकारों और AAP नेता की गिरफ्तारी हुई। भाजपा ये समझ ले कि इस बार 100 करोड़ लोग उनके खिलाफ हैं। इस बार INDIA इसी भाजपा का सफाया करेगी। ED, CBI और IT इनके (भाजपा) संगठन के हिस्से हैं, इसलिए घबराने की कोई जरूरत नहीं है।”