केजरीवाल को दिल्ली के बाद अब पंजाब की राजनीति से बाहर होने का डर सता रहा : वीरेंद्र सचदेवा

 

नई दिल्ली । दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि दिल्ली से नाकारे जाने के बाद आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को अब पंजाब की राजनीति से भी बाहर होने का डर सता रहा है। इसलिए केजरीवाल अब पंजाब में डेरा डालने की तैयारी कर रहे हैं।

वीरेंद्र सचदेवा ने रविवार को एक बयान में कहा कि दिल्ली में दर्जनों घोटालों में घिरे अरविंद केजरीवाल 5 फरवरी को चुनाव के आख़िरी क्षण तक अपनी ईमानदारी का ढोल पीटते रहे थे, लेकिन दिल्लीवालों ने उनकी विदाई कर दी।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि दिल्ली में ईमानदारी का ढोल फटने के बाद अब अरविंद केजरीवाल पंजाब में भी वही कहानी दोहरा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज अरविंद केजरीवाल एवं पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान जब मीडिया से नशे एवं भ्रष्टाचार के मुद्दे पर बोलते है, तो लोग उन पर हंसते हैं।

वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि केजरीवाल जब पंजाब के लोगों से आज फिर नशा एवं भ्रष्टाचार दूर करने का वादा कर रहे थे तो उस समय पंजाब के लोग 2021 के केजरीवाल एवं भगवंत मान के भाषण याद कर रहे थे। उस समय भी केजरीवाल एवं भगवंत मान पंजाब के लोगों से सत्ता में आने के 6 माह में पंजाब को नशा मुक्त करने का वादा करते थे पर आज 3 साल बाद फिर समय मांग रहे हैं।

केजरीवाल को आज पंजाब को शीध्र भ्रष्टाचार मुक्त करने का वादा करते देख पंजाब एवं दिल्ली की ही नहीं देश भर की जनता हतप्रभ रह गई क्योंकि तीन साल से केजरीवाल तो सारे देश में घूम-घूम कर दिल्ली एवं पंजाब में ईमानदार सरकार चलाने का दावा करते रहे हैं। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में जनता ने जो सजा केजरीवाल को हरा कर दी, वहीं सजा 2027 में पंजाब की जनता भगवंत मान को देगी।