18 जुलाई को है सर्वदलीय बैठक, कांग्रेस ने नहीं बदला लोकसभा में अपना नेता

तमाम अटकलों को खारिज कर दिया गया। अधीर रंजन चौधरी पहले की तरह लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष बने रहेंगे। कांग्रेस आलाकमान ने किसी तरह का परिवर्तन करने का संकेत फिलहाल नहीं दिया है।

नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र से पहले 18 जुलाई को संसदीय कार्य मंत्री प्रहलाद जोशी ने सर्वदलीय बैठक बुलाई है। यह एक सामान्य प्रक्रिया है, जो हर संसद सत्र से पहले होती है। कांग्रेस की ओर से सांसद अधीर रंजन चौधरी लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष बने रहेंगे। कयासों का बाजार गर्म था कि पश्चिम बंगाल चुनाव में मिली हार के बाद उन्हें इस पद से हटाया जा सकता है।

कांग्रेस की ओर से कहा गया है कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष अधीर रंजन चौधरी ही होंगे। किसी प्रकार का कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। राजनीतिक गलियारों में कहा जा रहा है कि यदि कांग्रेस नेता प्रतिपक्ष को बदलती तो इसका गलत संदेश जा सकता था। लोकसभा में एक मुखर व्यक्ति चाहिए तो सरकार की नीतियों का तथ्यात्मक तरीके से सदन में आलोचना करे। इस लिहाजा से अधीर रंजन चौधरी ने बीते सत्रों में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है।

कहा जा रहा था कि सत्र शुरू होने से पहले कांग्रेस लोकसभा में अपने नेता अधीर रंजन चौधरी को हटा सकती है। शुरू में कयास लगाए जा रहे थे कि राहुल गांधी को ये जिम्मेदारी दी जाएगी। पार्टी ने उनकी जगह किसी और को नेता चुनने की अटकलों को खारिज कर दिया है।

 
माना जा रहा है कि संसद के मानसून सत्र में कांग्रेस आक्रामक रूख अख्तियार करेगी। कोरोना और महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर हमला करेगी। हाल के दिनों में जिस प्रकार से कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर अपनी उपस्थिति दिखाई है, उससे तो यही संकेत मिल रहा है।

 

वहीं, संसदीय कार्य मंत्री प्रहलाद जोशी ने 18 जुलाई को सुबह 11 बजे सर्वदलीय बैठक बुलाई है। बता दें कि 19 जुलाई से 13 अगस्त तक संसद का मानसून सत्र चलेगा। इस दौरान 19 बैठकें प्रस्तावित हैं।