Bihar Politics : आज का दिन बेहद खास है बिहार की राजनीति में

सबकी नजर आज नीतीश कुमार पर रहेंगी। 11 बजे जदयू की बैठक में वो कैसा रूख अख्तियार करते हैं। भाजपा लगातार उनकी हर चाल पर नजर बनाए हुए है। राजद नेता लालू यादव और तेजस्वी के घर पर नेताओं की चहलकदमी बढ़ गई है। भाजपा के नेता बयान देने से अभी बच रहे हैं।

पटना। बिहार की राजनीति पल पल बदल रही है। आज का दिन बेहद खास माना जा रहा है। सुबह 11 बजे एक ओर जदयू की बैठक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लेंगे, तो दूसरी ओर राजद की बैठक लालू प्रसाद के नेतृत्व में होना है। राज्य का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा ? किसके साथ सरकार बनेगी, इसका संकेत इस दोनों बैठक से मिल सकता है।

असल में, राजद राज्य की सबसे बड़ी पार्टी है। दूसरे नंबर पर भारतीय जनता पार्टी है, जिसके नेता अभी सीधे तौर पर कुछ भी कहने से बच रहे हैं। तीसरे नंबर पर नीतीश कुमार की जदयू है, जो चौथे नंबर की पार्टी कांग्रेस के अध्यक्ष सोनिया गांधी से बात कर चुके हैं। नीतीश कुमार को अपनी पार्टी टूटने की आशंका है। इसलिए वह अपनी सरकार बचाने की पूरी जोर-अजमाइश कर रहे हैं।

अटकलें लगाई जा रही हैं कि जदयू नेताओं की बैठक के बाद नीतीश कोई बड़ा ऐलान कर सकते हैं। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने नीतीश के खिलाफ साजिश जैसा बयान दिया है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह के जदयू से इस्तीफे पर कहा था कि चिराग पासवान की तरह आरसीपी का भी इस्तेमाल किया गया।

कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष मदन मोहन झा ने कहा, हमारी पार्टी का फैसला पार्टी आलाकमान लेगा। विधायक आ चुके हैं और कम से कम 10 अगस्त तक पटना में रहेंगे। बिहार कांग्रेस प्रमुख ने कहा, हम पहले से ही राजद के साथ गठबंधन में हैं। हालांकि, उन्होंने सीएम नीतीश कुमार से संपर्क में न होने की बात कही है।