नई दिल्ली। महंगाई को मुद्दा बनाया है कांग्रेस ने। इसके तहत कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी अमेठी की जनता को जागरुक करेंगे। राहुल गांधी पार्टी द्वारा बनाए जन जागरण अभियान के तहत 18 दिसंबर को उत्तर प्रदेश के अमेठी में पदयात्रा करेंगे। इस यात्रा में उनके साथ प्रियंका गांधी वाडरा भी होंगी।
बता दें कि राहुल गांधी अमेठी से 2004 से 2019 तक लोकसभा सदस्य रह चुके हैं। पिछले चुनाव में उन्हें भाजपा की स्मृति ईरानी से हार का सामना करना पड़ा था। कांग्रेस ने महंगाई और अर्थव्यवस्था के कुप्रबंधन के मुद्दों पर जनता को जागरुक करने तथा सरकार को घेरने के मकसद से गत 14 नवंबर से जन जागरण अभियान शुरू किया है।
एक बयान में वेणुगोपाल ने कहा कि देश के आम लोग कांग्रेस के इस अभियान का समर्थन कर रहे हैं और एक नवंबर से चल रहे सदस्यता अभियान से भी जुड़ रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने यह भी बताया कि राहुल गांधी बांग्लादेश मुक्ति संग्राम और पाकिस्तान के खिलाफ जीत की 50वीं वर्षगांठ के मौके पर 16 दिसंबर को देहरादून में एक जनसभा को संबोधित करेंगे।















