नई दिल्ली। हर कोई परेशान है। लोग घरों से निकलने में डर रहे हैं। काम धंधा बुरी तरह प्रभावित है। यह सब है कोरोना के कारण। सरकारी पाबंदियों के बीच लोग जीने को मजबूर हैं। फिर भी कोरोना (COVID19) संक्रमण की गति में कमी नहीं देखी जा रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के ताजा आंकडे बता रहे हैं कि भारत में पिछले 24 घंटे में #COVID19 के 3,52,991 नए मामले आने के बाद कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 1,73,13,163 हुई। 2812 नई मौतों के बाद कुल मौतों की संख्या 1,95,123 हो गई है। देश में सक्रिय मामलों की कुल संख्या 28,13,658 है और डिस्चार्ज हुए मामलों की कुल संख्या 1,43,04,382 है।
बता दें कि भारत में कल तक कोरोना (COVID19) वायरस के लिए कुल 27,93,21,177 सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं, जिनमें से 14,02,367 सैंपल कल टेस्ट किए गए। दिल्ली में पिछले 24 घंटे में #COVID19 के 22,933 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 21,071 लोग डिस्चार्ज हुए और 350 लोगों की मृत्यु दर्ज़ की गई।
महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में #COVID19 के 66,191 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 61,450 लोग डिस्चार्ज हुए और 832 लोगों की मृत्यु दर्ज़ की गई। तेलंगाना में कल #COVID19 के 6551 नए मामले सामने आए। 3804 लोग डिस्चार्ज हुए और 43 लोगों की मृत्यु दर्ज़ की गई। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए पौड़ी गढ़वाल जिले के कोटद्वार और स्वर्गाश्रम क्षेत्र में 26 अप्रैल से 3 मई तक के लिए कर्फ्यू लगाया गया है।
जोधपुर शहर में 2 ऑक्सीजन (Oxygen) टैंकर पहुंचे। डॉ. एस.एन. मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य ने बताया, ”जिला प्रशासन द्वारा ऑक्सीजन की निर्बाध आपूर्ति की जा रही है। हमारे पास जामनगर से ऑक्सीजन की आपूर्ति की जा रही है। किसी भी तरह के डर की आवश्यकता नहीं है।”