COVID19 Alert : देश में कोरोना के एक्टिव मरीजों की संख्या अभी भी 15 लाख के पार

कोविड टीकाकरण अभियान में अब तक 168 करोड़ वैक्सीन डोज दी जा चुकी हैं। देश की 75 प्रतिशत से अधिक वयस्क आबादी को अब कोरोना के खिलाफ पूरी तरह से टीका लगाया गया है।

नई दिल्ली। देश में एक्टिव केसों की संख्या 15 लाख 33 हजार 921 है। एक्टिव केस कुल संक्रमणों का 3.67 प्रतिशत तक पहुंच गया है। देश में फिलहाल कोरोना पॉजिटिविटि रेट घटकर 10.99 फीसदी हो गई है। जबकि साप्ताहिक सकारात्मकता दर 12.98 प्रतिशत है। देश में कोरोना वायरस से हुई कुल मौत का आंकड़ा 4 लाख 98 हजार 983 है।

स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी 03 फरवरी के आंकड़ों के मुताबिक देश में बीते 24 घंटों में कोरोना के 1 लाख 72 हजार 433 नए मामले सामने आए हैं। ये 2 फरवरी से 6.8 फीसदी अधिक केस हैं। वहीं पिछले 24 घंटों में कोविड-19 से 1 हजार 8 लोगों की मौत हुई है। इस दौरान एक दिन में 2 लाख 59 हजार 107 मरीज कोविड-19 से ठीक हो गए हैं।

देश में आज कुल संक्रमणों की संख्या 4.16 करोड़ से अधिक हो गई है। वहीं देश में अब तक कुल रिकवरी की संख्या 3,97,70,414 है। देश में कोरोना रिकवरी रेट 95.14% है। भारत ने 19 दिसंबर, 2020 को कोरोना मामलों की संख्या में एक करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया था। भारत ने 4 मई 2021 को 2 करोड़ और पिछले साल 23 जून को तीन करोड़ के आंकड़े को पार किया था।