COVID19 in Delhi : दिल्ली के लिए खुशखबरी, कोरोना संक्रमण हुआ काफी कम

भारत में कोविड -19 मामलों की कुल संख्या अब 2,40,46,809 है, जिसमें 37,04,893 सक्रिय मामले हैं और अब तक 2,62,317 लोगों की मौतें हुई हैं।

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में कोरोना (COVID19 in Delhi) संक्रमण काफी कम हुआ। दिल्ली सरकार की ओर से जो लाॅकडाउन (Lockdown) लागू किए गए। स्वास्थ्य सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया गया, उसका असर है। इस बात की जानकारी स्वयं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दी।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने कहा कि इतने मायूसी के माहौल में, मैं आपको एक सुखद ख़बर देना चाहता हूं। पिछले 24 घंटे में दिल्ली में साढ़े आठ हजार कोरोना के मामले आए हैं। 24 घंटे में संक्रमण दर 12% रह गई है। दिल्ली में अब काफी कम लोग बीमार पड़ रहे हैं। मरीज कम होने के साथ अस्पतालों में बेड भी खाली हो रहे हैं। ICU बेड अभी भी भरे हुए हैं। इसका मतलब गंभीर मरीजों की संख्या अभी कम नहीं हुई है। अभी भी दिल्ली के अस्पतालों में सभी ICU बेड भरे हुए हैं। लगभग 1,200 नए ICU बेड बनकर तैयार हैं, 1-2 दिन में ये शुरू हो जाएंगे। किसी भी हालत में ढिलाई नहीं करनी है, लॉकडाउन का पालन करना है।

भारत में शुक्रवार को कोरोना के 3,43,144 नए मामले सामने आए। इस दौरान 4,000 लोगों की मौत हुई। इसकी जानकारी केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने दी। पिछले 22 दिनों में भारत में तीन-लाख से ज्यादा कोरोना मामले और 3,000 से अधिक हताहतों की संख्या दर्ज की गई है।

भारत में कोविड -19 (COVID19 in India) मामलों की कुल संख्या अब 2,40,46,809 है, जिसमें 37,04,893 सक्रिय मामले हैं और अब तक 2,62,317 लोगों की मौतें हुई हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, पिछले 24 घंटों में कुल 3,44,776 लोगों के ठीक होने के बाद उन्हें डिस्चार्ज किया गया है। इसी के साथ कोरोना से 2,00,79,599 लोग अब तक ठीक हो चुके हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि देश में अब तक कुल 17,92,98,584 लोगों को टीका लगाया गया है, जिनमें 20,27,162 वे लोग शामिल हैं, जिन्हें पिछले 24 घंटों में टीके लगाए गए थे। इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (ICMR) के अनुसार, कोविड -19 के लिए 31,13,24,100 नमूनों का परीक्षण 13 मई तक किया गया है। इनमें से गुरुवार को 18,75,515 नमूनों की जांच की गई।