COVID19 Update : देश की 75 प्रतिशत आबादी को लग गया कोरोना वैक्सीन का दोनों डोज

देश में कोरोना रिकवरी बीते 24 घंटों में 3,35,939 लोगों की हुई है। एक्टिव केसों की संख्या 20,04,333 है। वहीं पॉजिटिविटी रेट 13.39 फीसदी है।

नई दिल्ली। रविवार को कोरोना के खिलाफ जंग में भारत ने नई उपलब्धि हासिल की है। देश की कुल वयस्क आबादी के 75 प्रतिशत को कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज लग गई है। इसकी जानकारी केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री ने दी। वहीं, हम देश में कोरोना के संक्रमण की बात करें, तो केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक भारत में पिछले 24 घंटों में 2,35,532 नए केस सामने आए हैं। वहीं इस दौरान 871 लोगों की कोरोना से मौत हुई है। हालांकि राहत की बात यह है कि ठीक होने वाले मरीजों की संख्या बढ़ी है और बीते एक दिन में 3,35,939 मरीज कोरोना से रिकवर हुए हैं। देश में कोविड-19 एक्टिव केसों की संख्या 20,04,333 है। वहीं डेली पॉजिटिविटी रेट 13.39% फीसदी है। देश में कुल वैक्सीनेशन का आंकड़ा 1,65,04,87,260 है।

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मनसुख मांडविया ने ट्विट किया है कि सबका साथ, सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ, भारत ने अपनी 75 प्रतिशत वयस्क आबादी को वैक्सीन की दोनों डोज़ लगाने का लक्ष्य हासिल कर लिया है।

राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्रा कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। राजभवन ने ट्वीट करके इसकी जानकारी दी है। राजभवन ने ट्वीट करते हुए लिखा कि राज्यपाल कलराज मिश्र ने आज अपना कोविड टेस्ट करवाया। कोविड टेस्ट पॉजिटिव आया है। उत्तर प्रदेश में वैक्सीन की पहली डोज़ लेने वाले लोगों की संख्या 99% से ज़्यादा है और दूसरी डोज लेने वालों की संख्या लगभग 70% है।