नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में कोरोना के दैनिक संक्रमण में कमी को देखते हुए राज्य सरकार ने निर्णय लिया है कि 5 जुलाई यानी सोमवार से मल्टीप्लेक्स, सिनेमा हाॅल आदि खोल दिया जाएंगे। कई अन्य पाबंदियों को पहले ही हटा दिया गया है। इससे कामकाज को गति मिलने की संभावना है।
लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य में कोविड संक्रमण के संदर्भ में टीम-9 के अधिकारियों के साथ बैठक की। शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया। इसकी सूचना बाद में राज्य सरकार की ओर से दी गई। उत्तर प्रदेश में 5 जुलाई से मल्टीप्लेक्स सिनेमाहॉल, जिम और स्पोर्ट स्टेडियम खोलने की अनुमति होगी। कोविड प्रोटोकाल का पालन करना अनिवार्य होगा।
बता दें कि सरकार ने 21 जून से कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए रेस्टोरेंट और मॉल को 50 फीसदी की क्षमता के साथ खोलने की इजाजत दी थी। इसके साथ ही पार्क, स्ट्रीट फूड के संचालन की भी अनुमति 21 जून से दे दी गई थी। सरकार के सख्त निर्देश हैं कि सभी स्थानों पर कोविड हेल्प डेस्क की स्थापना करनी होगी।
दूसरी ओर, देश के 6 राज्यों में कोरोना संक्रमण की गति तेज हो गई है। इसको लेकर केंद्र सरकार खासकर केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय चिंतित है और विशेषज्ञों की टीम भेजी गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डाॅ हर्षवर्धन ने ट्विट करके इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार ने कोरोना के अधिक मामले रिपोर्ट करने वाले राज्यों- केरल, अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा, ओडशा, छत्तीसगढ़ और मणिपुर में अपनी टीमें भेजी हैं।
केन्द्र ने केरल, अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और मणिपुर में #COVID19 के बढ़ते मामलों के मद्देनजर स्थिति से निपटने में मदद के लिए अपने उच्चस्तरीय दल भेजे हैं। ये दल संक्रमण रोकने के लिए राज्यों के स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करेंगे।@PMOIndia
— Dr Harsh Vardhan (@drharshvardhan) July 2, 2021