COVID19 Update : कोरोना की रफ्तार हुई सुस्त, अब एक दिन नए मामले 30 हजार के करीब

नई दिल्ली। कोरोना संक्रमण की गति बेहद कम हो चुकी है। कई राज्यों में कोरोना महामारी को लेकर लगाई गई पाबंदियों को हटाया जा रहा है। तमाम स्कूल कॉलेज खोल दिए गए हैं। कार्यस्थलों में लोग पूरी क्षमता के साथ काम करना शुरू कर चुके हैं। गुरुवार को केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 30,757 मामले सामने आए हैं। वहीं 541 लोगों की कोविड-19 से मौत हुई है। इस दौरान एक दिन में 67,538 लोग कोरोना से ठीक हो गए हैं और हॉस्पिटल से डिस्चार्ज हुए हैं। देश में फिलहाल पॉजिटिविटी रेट 2.61 फीसदी है।

देश में वैक्सीनेशन का कुल का आंकड़ा 1,74,24,36,288 (174.24 करोड़) है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, भारत में दैनिक सकारात्मकता दर (पॉजिटिविटी रेट) 2.61 प्रतिशत और साप्ताहिक सकारात्मकता दर 3.04 प्रतिशत दर्ज की गई है। हालांकि बीते दिन की तुलना में थोड़ा अधिक, सकारात्मकता दर 2.45% से बढ़कर 2.61% हो गई है।

देश में एक्टिव केसों की संख्या 3 लाख 32 हजार 918 है। वहीं कुल डिस्चार्ज हुए लोगों की संख्या 4,19,10,984 है। देस में कोरोना रिकवरी रेट 98.03 प्रतिशत है। भारत में अब तक कोरोना वायरस की जांच के लिए कुल 75.55 करोड़ टेस्ट किए जा चुके हैं, जिसमें मंगलवार को 11,79,705 टेस्ट किए गए हैं।