COVID19 Vaccination : देश में सफल रहा वैक्सीनेशन अभियान, साल भर में 156 करोड़ से अधिक लोगों को कोविड वैक्सीन

आज विश्व के सबसे बड़े टीकाकरण अभियान को 1 वर्ष पूर्ण हो गया है। पीएम के नेतृत्व में शुरू हुआ यह अभियान 'सबके प्रयास' के साथ आज दुनिया का सबसे सफल टीकाकरण अभियान है। मैं सभी स्वास्थ्य कर्मियों, वैज्ञानिकों व देशवासियों को बधाई देता हूं: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया

नई दिल्ली। कोरोना के खिलाफ जंग में भारत सरकार के टीकाकरण अभियान का आज एक साल पूरा हो गया है। इस दौरान कोरोना के खिलाफ जंग में 156 करोड़ से अधिक वैक्सीन दी गई। यह अभियान आज भी जारी है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय देश के तमाज राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ मिलकर बेहतर समन्वयक के साथ इस अभियान को जारी रखे हुए हैं।

बता दें कि 16 जनवरी, 2021 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसकी शुरुआत की थी। उसके बाद से यह अभियान तेज गति पकड़ा। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 18-44 आयु वर्ग के व्यक्तियों को कुल 52,40,53,061 पहली खुराक दी गई है और टीकाकरण अभियान के तीसरे चरण की शुरुआत के बाद से 36,73,83,765 दूसरी खुराक दी गई है। मंत्रालय ने कहा कि 15-18 आयु वर्ग में, 3,36,09,191 टीके की खुराक दी गई है। 42,69,993 से अधिक लोगों को बूस्टर डोज दी गई है।
इस अवसर पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने स्वास्थ्य सेवा से जुड़े लोगों के साथ ही देशवासियों को बधाई दी है।

आज के आंकड़ों के मुताबिक भारत में अब तक 1,56,76,15,454 वैक्सीन डोज लगी है। 1 मार्च को टीकाकरण अभियान का विस्तार 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों और 45-60 वर्ष आयु वर्ग में सह-रुग्णता वाले लोगों के लिए किया गया था। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से कहा गया है कि राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को वैक्सीन की 158 करोड़ से ज़्यादा डोज़ उपलब्ध कराई गई है। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पास अभी वैक्सीन की 14.13 करोड़ से ज़्यादा डोज़ उपलब्ध है।