रांची। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) सुप्रीमो शिबू सोरेन रांची के ईरवा स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती होने के बाद उनकी रूटीन जांच की गयी। जांच के लिए उनके ब्लड सैंपल लिए गए हैं । रिपोर्ट आने के बाद डॉक्टर आगे का इलाज करेंगे। उनकी देखरेख कर रहे नेफ्रोलॉजिस्ट डॉक्टर अमित कुमार ने बताया कि शिबू सोरेन को पहले से किडनी की समस्या है।
गुरुवार को उन्हें सांस लेने में तकलीफ हुई। इसके बाद एहतियातन उन्हें अस्पताल में भर्ती कर लिया गया, जिससे सभी तरह की जांच हो सके। डॉक्टर अमित ने बताया कि ऑक्सीजन लगने के बाद शिबू सोरेन की हालत ठीक है। उन्होंने बताया कि फिलहाल ब्लड सैंपल लिए गए और जांच के लिए भेजे गए हैं। साथ ही यूरिन सैंपल भी लिए गए हैं। डॉक्टर अमित ने बताया कि शिबू सोरेन के छाती का सीटी स्कैन भी किया गया है। छाती में थोड़ा पानी निकला है। डॉक्टर एंटीबायोटिक देकर ठीक कर रहे हैं। यह कोशिश की गई है कि पानी से किसी प्रकार का लंग्स में इंफेक्शन न हो। डॉक्टर ने बताया कि झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन की हालत अभी ठीक है। फिलहाल चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है। बाकी रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही आगे इलाज किया जाएगा।
वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी कैबिनेट की बैठक के बाद अपने पिता शिबू सोरेन से मिलने मेदांता पहुंचे हैं। वह डॉक्टरोे से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ले रहे हैं।
इससे पूर्व झामुमो के केंद्रीय कमेटी के सदस्य विनोद पांडे ने बताया कि नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए उन्हें मेदांता अस्पताल लाया गया है। उनका हर तीन महीने में एक बार हेल्प चेकअप किया जाता है ।
झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन मेदांता में भर्ती
हर बार उनका हेल्थ चेकअप दिल्ली में होता रहा है। लेकिन इस बार हेल्थ चेकअप दिल्ली के बजाय रांची में हो रहा है।