नई दिल्ली। पहाड़ी राज्यों में जारी हिमपात के कारण राजधानी दिल्ली सहित उत्तर भारत के कई राज्यों में कड़ाके की ठंड से लोगों का सामना हो रहा है। कई क्षेत्रों में शीतलहर का प्रकोप जारी है। भारतीय मौसम विभाग ने ऐसा मौसम कुछ दिनों तक रहने की भविष्यवाणी की है। इसके साथ ही कुछ शहरों में बारिश होने की संभावना भी व्यक्त की गई है।
राजधानी दिल्ली में ठंड बचने के लिए लोग आग तापते दिखे। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में आज न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहेगा। राष्ट्रीय राजधानी में बढ़ती ठंड के बीच बेघर जरूरतमंद लोगों को AIIMS मेट्रो स्टेशन के पास स्थिति आश्रय गृह में शरण दी जा रही है। आश्रय गृह के केयर टेकर ने बताया, “मेडिकल स्क्रीनिंग की जा रही है। एक व्यक्ति #COVID19 पॉजिटिव पाया गया, उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।”
भोपाल में आज सुबह घना कोहरा छाए रहने की वजह से विज़िबिलिटी काफी कम हुई। मौसम विभाग के मुताबिक भोपाल में आज न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
प्रयागराज में ठंड बढ़ने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। एक ई-रिक्शा चालक ने बताया, “ठंड काफी बढ़ गई है जिसकी वजह से रिक्शा चलाने में दिक्कत हो रही है।” कानपुर में आज सुबह घना कोहरा छाए रहने की वजह से विज़िबिलिटी कम हुई। मौसम विभाग के मुताबिक कानपुर में आज न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहेगा।