भुवनेश्वर। ओडिशा के पुरी में स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर के वरिष्ठ सेवक जगन्नाथ दीक्षित की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दीक्षित मंदिर में सूपकार (रसोइया) के रूप में सेवा कर रहे थे। यह घटना पुरी के गुदियाशाही इलाके में हुई, जहां उनका शव रबेनी चौड़ा स्थित नारायण पटजोशी के घर के सामने खून से लथपथ अवस्था में मिला।
इस वारदात की CCTV फुटेज सामने आई है, जिसमें एक व्यक्ति दीक्षित के शव को सड़क किनारे फेंकते हुए स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है। स्थानीय लोगों ने दावा किया है कि शव फेंकने वाला व्यक्ति नारायण पटजोशी है, जिसने कथित तौर पर पैसों के लेन-देन को लेकर दीक्षित की हत्या की।
दिनदहाड़े और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच इस प्रकार की घटना ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है। सूचना मिलते ही पुरी सिटी डीएसपी प्रशांत कुमार साहू और टाउन थाना प्रभारी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। एक वैज्ञानिक टीम ने मौके से जरूरी नमूने एकत्र किए हैं, जबकि शव को पोस्टमार्टम के लिए पुरी जिला मुख्यालय अस्पताल भेजा गया है।
पुरी एसपी विनीत अग्रवाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह व्यक्तिगत रंजिश लग रही है। उन्होंने कहा कि CCTV फुटेज को जांच में शामिल कर लिया गया है और पूरी जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट होगा।
इस हत्या ने पुरी में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच आक्रोश और चिंता की लहर पैदा कर दी है। पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।

















