Delhi Building Collapsed: सब्जी मंडी में मकान ढहा, कुछ मरे, कई के दबने की आशंका

70 साल पुरानी इमारत सब्जी मंडी इलाके में भरभराकर गिर गई। मजदूर यहां काम कर रहे थे। कई लोगों के दबने की आशंका है। दमकल की सात गाड़ियां और पुलिस-प्रशासन राहत व बचाव कार्य में जुटा हुआ है।

नई दिल्ली। बारिश के इस मौसम में उत्तरी दिल्ली के सब्जी मंडी क्षेत्र में एक मकान ढ़हने की खबर आई है। इसमें अब तक कुछ लोगों के मरने की खबर है और कईयों के दबने की आंशका है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा। राहत व बचाव कार्य जारी है। घटनास्थल पर कई गाड़ियां भी इस मलबे में दबी है।

मकान गिरते ही चारों ओर अफरा-तफरी मच गई। लोगों के शोर सुनाई देने लगे। बताया जा रहा है कि मौके पर दमकल विभाग की सात गाड़ियां पहुंच गई हैं। जो इमारत गिरी है वह 70 साल पुरानी थी। इसे निगम ने पहले ही जर्जर घोषित किया हुआ है, इसलिए बिल्डिंग रिहायशी नहीं थी। हालांकि सबसे नीचले तले पर एक हलवाई की दुकान थी।

आज 4-5 मजदूर दुकान में ही ड्रिलिंग का काम कर रहे थे। आस-पास के लोगों के मुताबिक अचानक बिल्डिंग भरभरा कर गिर गई। पूरी आशंका है कि सभी मजदूर अंदर ही दबे हुए हैं।

इमारत ढहने की घटना पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया है।

घटना को लेकर सीएम केजरीवाल ने भी दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि सब्जी मंडी इलाके में इमारत गिरने का हादसा बेहद दुखद है। प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा है, जिला प्रशासन के माध्यम से मैं खुद हालात पर नजर बनाए हूं।