Ganesh Chaturthi 2022 : पूरे देश में धूमधाम से मनाया जा रहा है गणेशोत्सव

गणेश ज्ञान और बुद्धि के ऐसे देवता हैं,जिनकी उपासना से जीवन में सुख-समृद्धि,सफलता,मान-सम्मान और ऐश्वर्य की प्राप्ति होती है। आज से घरों और पंडालों में गणपति विराजमान होंगे।संवत 2079 भाद्रपद शुक्ल चतुर्थी के दिन चित्रा नक्षत्र, शुक्ल योग, रवियोग और बुधवार का संयोग बन रहा है।

नई दिल्ली। दस दिवसीय गणेशोत्सव की शुरुआत हो गई है। पूरे देश में गणेश पूजा बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। कोरोना के कारण दो साल तक यह उत्सव इस प्रकार सार्वजनिक तरीके से नहीं मनाया जा रहा था। इस बार लोगों में खूब खुशी देखी जा रही है। पूजा पंडालों में भक्तों की भीड़ दिख रही है।

मान्यता है कि भाद्रपद माह के शुक्लपक्ष की चतुर्थी तिथि पर विध्नहर्ता और मंगलमूर्ति भगवान गणेश का जन्म हुआ था। इसी कारण से सभी चतुर्थी में इसका विशेष स्थान है। आज से घर-घर और बड़े-बड़े पंडालों में गणेश प्रतिमाएं स्थापित करके उनकी विधिवत पूजा-अर्चना शुरू होगी। गणेशोत्सव 10 दिनों तक चलेगा।राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गणेश चतुर्थी के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं।

मुंबई के लालबागचा राजा पंडाल में गणेश चतुर्थी के समारोह में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी है।

गणेश चतुर्थी के अवसर पर सिद्धिविनायक मंदिर में पहली आरती की गई। इस दौरान मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ देखी गई।

गणेश चतुर्थी के मौके पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने गणपति पूजन किया। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि मैं राज्य के सभी नागरिकों को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं देता हूं। पिछले 2 साल में कोविड की वजह से कई प्रतिबंध थे। लेकिन इस साल बड़े जोर-शोर, भक्ति-भाव से लोग गणेश उत्सव का आनंदपूर्वक आयोजन कर रहे हैं।