Ex CM Kalyan Singh के लिए गंगा घाट कर लिया गया तैयार, आज होगा अंतिम संस्कार

पूर्वी सीएम कल्याण सिंह के अंतिम संस्कार में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व दोनों उपमुख्यमंत्री, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे।

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का अंतिम संस्कार आज शाम में बुलंदशहर में गंगा किनारे नरौरा घाट पर किया जाएगा। इसके लिए प्रशासन की ओर से कल से ही तैयारी की जा रही थी। पूरी तैयारी कर ली गई है। अंतिम संस्कार में कई केंद्रीय मंत्री और कई राज्यों के मुख्यमंत्री के आने की संभावना है। अतरौली में पुलिस प्रशासन ने अपनी ओर से सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं। दो हेलीपैड भी अतरौली में बनाए गए हैं। इसके अलावा पीडब्ल्यूडी गेस्ट हॉउस में अतिथियों के रुकने की व्यवस्था की गई है। केएमवी इंटर कॉलेज के एनेक्सी में कल्याण सिंह का पार्थिव शरीर जनता दर्शन के लिए रखा जाएगा। उसके बाद दोपहर 1 बजे के करीब अंतिम संस्कार के लिए बुलंदशहर के नरौरा गंगा घाट ले जाया जाएगा। नरौरा गंगा घाट पर भी बुलंदशहर प्रशासन की ओर से 4 हेलीपैड बनाए गए हैं।

बुलंदशहर डीएम रवींद्र कुमार ने बताया, “यूपी के पूर्व CM कल्याण सिंह के अंतिम संस्कार के लिए यहां पूरा ज़िला प्रशासन तैयारियों में लगा हुआ है।” इससे पहले रविवार को ही पूर्व सीएम कल्याण सिंह के पार्थिव देह को अलीगढ़ लाया गया। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के पार्थिव शरीर को अहिल्याबाई होल्कर स्टेडियम पहुंचाया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी अहिल्याबाई होल्कर स्टेडियम पहुंचे।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर तमाम तैयारियां की जा रही हैं। राज्य के दोनों उपमुख्यमंत्री और कई मंत्री यहां उपस्थित होंगे। संघ और संत समाज से भी कई गणमान्य लोगों के उपस्थित होने की सूचना है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को ही घोषणा कर दी थी कि वे अंतिम संस्कार में शामिल होंगे।

पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के पार्थिव शरीर को अलीगढ़ के महारानी अहिल्याबाई होल्कर स्टेडियम से अतरौली में उनके पैतृक गांव ले जाया जा रहा है।

बता दें कि उत्तराखंड सरकार ने भी आज सरकारी अवकाश घोषित किया हुआ है। रविवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कल्याण सिंह के निधन से हम सब दुखी है। जब वे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री हुआ करते थे तब उत्तराखंड भी उत्तर प्रदेश का हिस्सा हुआ करता था इसलिए उत्तराखंड के लोग उन्हें अपने दिलों में रखते हैं। हमने एक दिन का राजकीय शोक घोषित किया है।