मिल गई है चेतावनी, अब यूक्रेन पर और अधिक तेजी से हमला करेगा रूस

50 दिन हो गया है। रूस और यूक्रेन के बीच अब तक जंग जारी है। परिणाम निकल नहीं रहा है। नुकसान दोनों देश को हो रहा है। ऐसे में रूसी रक्षा मंत्रालय की ओर से बयान जारी किया गया है कि यूक्रेन पर हमला और अधिक तेज किया जाएगा।

मास्को। रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग के 50 दिन हो गए हैं। अब तक रूस की मंशा पूरी नहीं हुई है। कई रूसी सैनिकों के मारे जाने की सूचना है। एक ओर यूक्रेन के कई प्रमुख शहर बर्बाद हो गए हैं, तो दूसरी ओर रूस को भी इस युद्ध में काफी नुकसान हो गया है। अब रूस की ओर से चेतावनी दी गई है कि यूक्रेन की राजधानी कीव सहित कई दूसरे शहरों पर प्रचंड हमला किया जाएगा।

रूसी अधिकारियों के अनुसार, ब्रांस्क क्षेत्र के क्लिमोवो गांव पर बृहस्पतिवार को हुए हमले में करीब 100 आवासीय भवन क्षतिग्रस्त हो गए। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि यूक्रेन के चेर्निहाइव क्षेत्र में रूसी सेना ने यूक्रेन के एक एमआई-8 हेलीकॉप्टर को मार गिराया जो कथित तौर पर ब्रांस्क क्षेत्र पर हमले में शामिल था।

रूस के रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को यूक्रेन के रूसी क्षेत्र पर दावों के जवाब में कीव पर मिसाइल हमलों को बढ़ाने की बात कही। एक दिन पहले रूसी अधिकारियों ने यूक्रेनी सेना पर यूक्रेन की सीमा से लगे एक रूसी क्षेत्र में आवासीय भवनों पर हवाई हमले शुरू करने का आरोप लगाया था। रूसी अधिकारियों के मुताबिक इन हमलों में सात लोग घायल हो गए थे।

गौर करने योग्य यह भी है कि काला सागर में तैनात रूसी लड़ाकू बेड़े में शामिल युद्धपोत मोस्कवा, जो बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया था, बृहस्पतिवार को डूब गया। यूक्रेन ने कहा है कि उनकी सेना ने युद्धपोत पर मिसाइल हमले किए थे, जबकि रूस ने दावा किया है कि मोस्कवा आग लगने से क्षतिग्रस्त हुआ था और उस पर कोई मिसाइल हमला नहीं हुआ था।