Guru Purnima : आज है गुरु पूर्णिमा, सोशल मीडिया पर ऐसे दिया जा रहा है संदेश

नई दिल्ली। नमस्तुभ्यं भगवन! आज गुरुपूर्णिमा उत्सव है। इस पावन दिन को हिन्दू वांग्मय में सबसे पवित्र दिन माना गया है क्योंकि इसी दिन को संकल्प,विश्वास ,श्रद्धा, भक्ति, ज्ञान, कर्म और समर्पण के रूप में स्मरण किया जाता है। ये सद्गुण जिनसे प्राप्त होते हैं उनके प्रति प्रति सच्चे और अच्छे तन, मन, और धन से कृतज्ञता अर्पित करने का भी दिन है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संदेश में कहा है कि गुरु पूर्णिमा की बधाई। यह उन सभी अनुकरणीय गुरुओं के प्रति आभार व्यक्त करने का दिन है जिन्होंने हमें प्रेरित किया, हमें मार्गदर्शन दिया और हमें जीवन के बारे में बहुत कुछ सिखाया। हमारा समाज सीखने और ज्ञान को अत्यधिक महत्व देता है। हमारे गुरुओं का आशीर्वाद भारत को नई ऊंचाइयों पर ले जाए।

गुरु पूर्णिमा के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरक्षापीठ में थे। वहां उन्होंने विशेष पूजा अर्चना की। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि सभ्यताओं का उदय, संस्कृतियों का उत्कर्ष व महान विभूतियों का निर्माण पूज्य गुरुजनों के आशीर्वाद व मार्गदर्शन में ही होता है। अपने तप, त्याग और ज्ञान के आलोक से मानव समाज का उद्धार कर रहे सभी देवतुल्य गुरुजनों को नमन।

आषाढ़ पूर्णिमा के दिन पूर्वाषाढ़ा नक्षत्र रात्रि 11.20 बजे तक रहेगा। बल में वृद्धि करने वाला एद्रे योग दोपहर 12.43 तक रहेगा। इसके अलावा गुरु स्वराशि मीन में, सूर्य मिथुन में और चंद्र धनु राशि में गोचर करेगा। आषाढ़ पूर्णिमा से श्रावण पूर्णिमा तक सौभाग्यवती स्ति्रयां अपने सुख-सौभाग्य में वृद्धि के लिए कोकिला व्रत रखकर गौरी की पूजा करती हैं।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपने आधिकारिक ट्विटर पर साझा किए गए संदेश में लिखा है कि महान गुरू महर्षि वेदव्यास जी के प्रकटोत्सव की आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएँ। हमारी संस्कृति में गुरूजनों को देवतुल्य माना गया है। भगवान वेदव्यास जी और सभी गुरूजनों के आशीर्वाद से आप सभी के जीवन में सुख-शांति और वैभव सदा बना रहे।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने संदेश में कहा है कि गुरु पूर्णिमा के अवसर पर सबको हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। अपने गुरु की कृपा और आशीर्वाद से आप निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर हों। आज कई नगरीय निकायों में चुनाव है। मतदान करना लोकतंत्र में परम कर्तव्य है। मतदान जरूर करें। सही नगर सरकार चुनें।