Haryana News : आप सांसद को है उम्मीद, दिल्ली जैसी सुविधांए हरियाणा में भी सरकार आने पर दी जायेंगी

डॉ. गुप्ता ने प्रदेश की जनता को भरोसा दिलाया कि कि 2024 में सरकार बनने पर दिल्ली की तर्ज पर हरियाणा के विकास का काम किया जाएगा, जो योजनाएं दिल्ली सरकार की तरफ से दिल्ली की जनता को दी जा रही हैं, वहीं योजनाएं हरियाणा की जनता को भी दी जायेंगी। उन्होंने कहा आम आदमी पार्टी प्रदेश में एक सशक्त; विकल्प के रूप में उभर रही है।

चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद डा सुशील गुप्ता ने आज हरियाणा में हो रहे निकाय चुनाव में भ्रष्टाचार को सबसे बड़ा मुददा बताया। पार्टी के हरियाणा प्रभारी डा गुप्ता ने कहा कि पालिका, नगर परिषद और नगर निगम भ्रष्टाचार के गढ़ बन चुके हैं।
वह आज हरियाणा निकाय चुनावों में पार्टी के पक्ष में आम जनता से समर्थन मांगने के लिए पेहवा में थें, जहां उन्होंने पत्रकारो से बातचीत में कहा कि आम आदमी पार्टी का मकसद भ्रष्टाचार को खत्म करना है। उन्होंने बताया कि पेहवा में आम आदमी पार्टी चेयरमैन प्रत्याशी अनिल धवन के पक्ष मंे नगरपालिका प्रधान पद के दो निर्दलीय उम्मीदवार किशन सिंह भाट और वरिष्ठ अधिवक्ता पंकज मित्तल ने समर्थन देने को कहा है। इस अवसर पर किशन सिंह भाट और पंकज मित्तल का डॉ. गुप्ता ने पार्टी की टोपी और पटका पहना कर उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि पेहवा से आम आदमी पार्टी उम्मीदवार एकतरफा जीत दर्ज करेगी।
डॉ. गुप्ता ने कहा कि प्रदेश के पालिका, परिषद और निगम के विभागों में भ्रष्टाचार फैला पडा है। दिल्ली की तुलना में हरियाणा की सुविधाओं की बात करें तो वहां न अच्छे स्कूल हैं, न अच्छे अस्पताल हैं, दवाईयों के लिए लोगों को भटकना पड़ता है। बिजली-पानी की कमी से लोग बेहाल हैं। महिलाएं देर शाम को अपने घरों से बाहर नहीं निकल सकती। प्रदेश अपराधों के मामले में नंबर एक पर पहुंचा हुआ है। उन्होंने बीजेपी-जेजेपी गठबंधन की सरकार पर आरोप लगाया कि वह चुनावों में केवल लोगों को धर्म और जात के नाम पर भड़काने और बांटने का काम कर रहती है। जबकि प्रदेश में बेरोजगार युवाओं की भारी फौज खड़ी है।

उन्होंने कहा कि आज पूरे प्रदेश के हालातों को सुधारने की जरूरत है। 29 मई 2022 की अब बदलेगा हरियाणा रैली से प्रदेश में बदलाव की लहर चल पडी है। हरियाणा में भ्रष्टाचार को खत्म करने की शुरुआत निकाय चुनाव से होगी और 2024 में आम आदमी पार्टी प्रदेश में सरकार बनाकर भ्रष्टाचारियों को सबक सिखाने का काम करेगी।