नई दिल्ली। यदि आप हवाई यात्रा करने की तैयारी में हैं, तो अभी से ही सचेत हो जाएं। आने वाले दिनों में इसके लिए आपको कोविड वैक्सीनेशन का सर्टिफिकेट अपने साथ रखना होगा। इसके लिए सरकारी स्तर पर तैयारी शुरू कर दी गई है।
बताया जा रहा है कि ऐसा निर्णय नागर विमानन मंत्रालय करने जा रही है। सूत्रों का कहना है कि जिस प्रकार से कोरेाना संक्रमण बार-बार फैल रहा है और तीसरी लहर की आशंका जताई जा रही है, उसके बाद वैक्सीन लगाना अनिवार्य है। अभी भी लोग वैक्सीन नहीं लगवा रहे हैं। सरकारी स्तर पर कई तरह से जागरूकता अभियान चलाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन उसके अपेक्षित परिणाम अभी तक नहीं मिल रहे हैं। पढे लिखे लोग भी कोरोना वैक्सीन नहीं लगावा रहे हैं।
लोगों की इसी हिचक को देखते हुए नागर विमानन मंत्रालय इस योजना पर काम कर रहा है। कहा जा रहा है कि हर यात्री को यात्रा कराने से पहले अथवा टिकट बुकिंग के समय ही वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट देना होगा। सूत्रों का यह भी कहना है कि जब हवाई यात्रा के लिए यह अनिवार्य कर दिया जाएगा, तो उसके बाद रेल मंत्रालय की भी ऐसा करने की योजना है।
बता दें कि कोरोना संक्रमण अभी भी देश में रोजाना लाख के करीब है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के ताजा आंकडों के अनुसार, पिछले 24 घंटों के भीतर देश में कोरोना वायरस संक्रमण के 1,00,636 मामले मिले हैं, जबकि 2427 मरीजों की मौत हुई है। नए मरीज मिलने के बाद देश में कोरोना वायरस के कुल केस बढ़कर 2,89,09,975 और रिकवर मरीजों की संख्या 2,71,59,180 हो गई है।वहीं, बीते एक दिन में कोरोना वायरस के 1,74,399 मरीज ठीक होकर अपने घर लौटे हैं।















