जहां Vote, वहां Vaccination’ अभियान शुरू किया : अरविंद केजरीवाल

दिल्ली में योजनाबद्ध तरीके से बूथ स्तर पर वैक्सीन लगाने की तैयारी। आज से “जहाँ वोट, वहाँ वैक्सिनेशन” अभियान शुरू हो रहा है। जहाँ वोट डाली थी, वहीं जाकर वैक्सीन लगवाएं |

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में कोविड वैक्सीनेशन की गति तेज की जाएगी। इसके लिए दिल्ली सरकार ने जहां वोट, वहां वैक्सीन नाम से कार्यक्रम शुरू करने की बात की है। सोमवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इसकी घोषणा की है।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि 45 साल से अधिक लोगों के लिए दिल्ली में आज से एक स्पेशल अभियान शुरू किया जा रहा है जिसका नाम ‘जहां वोट वहां वैक्सीनेशन’ है। अगर वैक्सीन की कमी नहीं हुई तो इस अभियान के तहत 4 हफ्तों में 45 साल से अधिक सभी लोगों को दिल्ली में वैक्सीन लगा दी जाएंगी।
उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत हम लोगों के घर-घर जाएंगे और कहेंगे कि जहां आप वोट डालने जाते हो आप वहीं जाएं और वहां पर आपके वैक्सीनेशन का हमने इंतजाम किया हुआ है। आज से दिल्ली के 70 वार्ड से ये शुरू किया जाएगा। हर हफ्ते 70 वार्ड में ये अभियान किया जाएगा। आज जिन 70 वार्ड में ये अभियान शुरू किया जा रहा है वहां के बूथ लेवल ऑफिसर(BLO) को आज ट्रेनिंग दी जा रही है। ये BLO अगले 2 दिन हर घर में जाकर पूछेंगे कि 45 साल से अधिक के लोग कौन है, क्या उन्हें वैक्सीन लग चुकी है अगर नहीं तो वो उन्हें वैक्सीन लगवाने का स्लॉट देकर आएंगे।

उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, कॉमनवेल्थ गेम्स विलेज के पास ड्राइव थ्रू वैक्सीनेशन का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा, ”आस पास के लोगों के लिए यहां ड्राइव करके आकर सुरक्षित तरीके से वैक्सीन लगाए जाने की व्यवस्था है।”

इस घोषणा के बाद लोग दिल्ली सरकार के इस निर्णय का स्वागत कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि हाल के दिनों में राजधानी में वैक्सीन की कमी को लेकर काफी दिक्कतों का सामना करना पडा है। कई वैक्सीनेशन सेंटर बंद कर दिए गए थे। इसके पीछै कोरोना वैक्सीन की कमी को कारण बताया गया था। लोगों का कहना है दिल्लीवासियों के लिए यह खुशखबरी है कि एक ओर संक्रमण की संख्या में कमी है और दूसरी ओर सरकार की ओर से वैक्सीन की उपलब्धता कराई जा रही है।

दूसरी ओर सोमवार को केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार मंत्रालय की ओर से कहा गया है कि राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को वैक्सीन की 24.60 करोड़ से ज़्यादा डोज़ उपलब्ध कराई गई है। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पास अभी वैक्सीन की 1.49 करोड़ से ज़्यादा डोज़ उपलब्ध है।