Manipur Assembly election 2022 : पूर्वोत्तर पर भाजपा का फोकस, मणिपुर के सभी 60 सीटों पर उतारे उम्मीदवार

मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह हिंगांग विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। भाजपा ने मणिपुर की सभी 60 विधानसभा सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। भाजपा ने 4 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को भी टिकट दिया है।

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी अपनी पूर्वोत्तर की नीति को प्रमुखता से देखते हुए मणिपुर विधानसभा चुनाव में किसी भी क्षेत्रीय दल से समझौता नहीं करने का निर्णय लिया है। पार्टी अपने दम पर राज्य विधानसभा चुनाव में उतरेगी। इसके लिए राज्य विधानसभा की कुल 60 सीटों के लिए रविवार को राजधानी दिल्ली में प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी।मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह हिंगांग विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। यह सूची केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने जारी किया है।

सूची जारी करने के बाद मीडिया से बात करते हुए केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि भाजपा संसदीय बोर्ड ने तय किया है कि भाजपा मणिपुर में सभी 60 सीटों पर पूरी दमदारी के साथ चुनाव लड़ेगी। पार्टी के संसदीय बोर्ड ने सभी 60 सीटों के उम्मीदवारों के नाम तय किए हैं।

बता दें कि मणिपुर की 60 विधानसभा सीटों के लिए दो चरणों में 27 फरवरी और 3 मार्च को मतदान होगा। मतगणना 10 मार्च को होगी। मणिपुर के उम्मीदवारों के नामों की घोषणा करते हुए बीजेपी नेता संबित पात्रा ने कहा कि मणिपुर में हमारी पार्टी में कोई विवाद नहीं है। हम दो-तिहाई बहुमत के साथ हम सरकार बनाएंगे।

पिछले साल असम चुनावों के दौरान कांग्रेस ने 10 पार्टियों का महागठबंधन बनाया था, इसे महाजोत कहा था, लेकिन पार्टी का यह प्रयोग बहुत सफल नहीं रहा था, गठबंधन ने राज्य की 126 सीटों में से केवल 50 सीटें जीतीं थी। इस साल चुनाव के लिए कांग्रेस ने मणिपुर में लेफ्ट सहित छह राजनीतिक दलों के साथ एक महागठबंधन बनाया है। इसमें कांग्रेस, भाकपा, सीपीएम, आरएसपी, फॉरवर्ड ब्लॉक और जनता दल सेक्युलर शामिल हैं।