Cold Wave : उत्तर भारत में कई जगह पारा शून्य से नीचे, दिल्ली में 2.4

पूरा उत्तर भारत ठिठुरन की जद में, अभी लोगों को ठंड से राहत नहीं

नई दिल्ली। उत्तर भारत के कई शहरों का तापमान शून्य से नीचे चला गया है। इस लिहाज से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली को जरूर कुछ राहत है। हिमाचल प्रदेश के शिमला में ताजा बर्फबारी से पड़ोसी राज्यों में ठंडी हवा बह रही है। यह जानकारी भारत मौसम विज्ञान विभाग के एक अधिकारी ने मंगलवार को दी।

इस अधिकारी के मुताबिक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, पूर्वी राजस्थान, उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और पश्चिम उत्तर प्रदेश में न्यूनतम तापमान में 1-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। सबसे कम न्यूनतम तापमान -3.7 डिग्री सेल्सियस राजस्थान के फतेहपुर में दर्ज किया गया। दिल्ली में बुधवार से तीन दिन तक भीषण शीतलहर चलेगी।

मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शीत लहर की स्थिति बनी हुई है। दिल्ली के सफदरजंग वेधशाला में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां सोमवार को न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, दो पश्चिमी विक्षोभ 18 और 20 जनवरी को उत्तर पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकते हैं। 18 जनवरी तक राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कई हिस्सों और इसके बाद 19 जनवरी को पूर्वी राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में शीत लहर से गंभीर शीत लहर की स्थिति की संभावना है। 19 जनवरी तक उत्तर प्रदेश और बिहार के अलग-अलग हिस्सों में शीतलहर की स्थिति रह सकती है।

इस बीच रेल सेवाओं पर कोहरे कहर जारी है। उत्तर रेलवे के एक प्रवक्ता के मुताबिक मंगलवार को कोहरे के कारण कम से कम 15 ट्रेनें एक घंटे से आठ घंटे की देरी से चल रही हैं। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास स्थित पालम वेधशाला में दृश्यता स्तर 500 मीटर दर्ज की गई है।