नहीं रहे अनोखे अंदाज वाले संगीतकार बप्पी लहरी, पीएम मोदी ने जताया दुख

बप्पी लहरी ने 70-80 के दशक में ऐसे-ऐसे गाने बनाए जिन पर लोग आज भी झूमने को मजबूर हो जाते हैं। उन्होंने चलते-चलते, शराबी, डिस्को डांसर जैसी कई सुपरहिट फिल्मों के लिए गाने बनाए थे। आखिरी दफा उन्होंने टाइगर श्रॉफ और श्रद्धा कपूर की फिल्म बागी 3 के लिए भंकस गाना कम्पोज किया था।

नई दिल्ली। सिंगर और कंपोजर बप्पी लहरी के निधन की खबर सामने आ रही है। मुंबई के अस्पताल में बप्पी लहरी ने अंतिम सांस ली है। 69 साल के बप्पी लहरी के निधन की खबर किसी शॉक की तरह ही है।उनके निधन की खबर की पुष्टि उनके डॉक्टर दीपक नामजोशी ने की है। डॉ दीपक नामजोशी ने एएनआई को बताया कि, उन्हें एक महीने के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था और सोमवार को उन्हें छुट्टी दे दी गई थी। लेकिन मंगलवार को उनकी तबीयत बिगड़ गई और उनके परिवार ने एक डॉक्टर को अपने घर बुलाया, जिसके बाद उन्हें अस्पताल लाया गया। उन्हें कई स्वास्थ्य समस्याएं थीं। कल रात ओएसए (ऑब्सट्रक्टिव स्लीप एपनिया) के कारण उनकी मृत्यु हो गई।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर महान गायक को श्रद्धांजलि दी।पीएम मोदी ने ट्वीट किया, श्री बप्पी लाहिड़ी जी का संगीत सर्वांगीण था। विविध भावनाओं को खूबसूरती से व्यक्त करते थे। हर पीढ़ी के लोग उनके गानों से अपने आपको रिलेट कर सकते हैं। उनका जीवंत स्वभाव सभी को याद होगा। उनके निधन से दुखी हूं। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना. ऊँ शांति।

बीते दिनों ही म्यूजिक इंडस्ट्री का सबसे खूबसूरत सितारा कही जाने वाली लता मंगेशकर ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया। अब बप्पी लहरी को लेकर आ रही यह खबर म्यूजिक इंडस्ट्री के लिए किसी सदमे से कम नहीं है। अस्पताल के निदेशक के मुताबिक बीते एक महीने से बप्पी लहरी का इलाज चल रहा था और सोमवार को ही उन्हें डिस्चार्ज किया गया। डॉक्टर का कहना है कि ओएसए (ऑब्सट्रिक्टिव स्लीप एपनिया) नाम की बीमारी के चलते ही बप्पी लहरी का निधन हुआ है। बप्पी दा के नाम से मशहूर बप्पी लहरी ने म्यूजिक इंडस्ट्री में अपनी धुन और गानों से एक अलग तरह का ही राग छेड़ा था।