अब राज्यसभा में दिखेगी सोनिया गांधी, कहीं रायबरेली से प्रियंका की बारी तो नहीं !

नई दिल्ली। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी अब राजस्थान से राज्यसभा सांसद चुनकर संसद भवन की तैयारी में हैं। ऐसे में चर्चा जोरों पर है कि उनकी रायबरेली सीट से कांग्रेस महासचिव और उनकी बेटी प्रियंका गांधी चुनाव लड़ सकती हैं।

कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने राजस्थान से राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। उनके साथ राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, अशोक गहलोत और गोविंद सिंह डोटासरा मौजूद रहे।

कांग्रेस ने भी राज्यसभा चुनाव के लिए बुधवार को अपने चार उम्मीदवारों की घोषणा की। इसमें सबसे प्रमुख नाम पार्टी संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी का है जो राजस्थान से प्रत्याशी हैं। बता दें कि सोनिया गांधी ने अपना नामांकन भी दाखिल कर लिया है।

कांग्रेस ने वरिष्ठ अधिवक्ता और अपने प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी को हिमाचल प्रदेश से उम्मीदवार बनाया है। सिंघवी फिलहाल पश्चिम बंगाल से राज्यसभा सदस्या हैं और उनका कार्यकाल इस साल अप्रैल में समाप्त होने वाला है। पार्टी की तरफ से जारी म्मीदवारों की सूची में बिहार से प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह को राज्यसभा का उम्मीदवार घोषित किया गया है। वहीं महाराष्ट्र में चंद्रकांत हंडोरे को राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया है।

कांग्रेस ने फिलहाल मध्य प्रदेश, कर्नाटक और तेलंगाना से राज्यसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवार घोषित नहीं किए हैं। बता दें कि राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की शुरुआत आठ फरवरी से ही हो चुकी है। नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 15 फरवरी है और 16 फरवरी को नामांकन पत्रों की जांच होगी। वहीं 20 फरवरी तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकते हैं। मतदान 27 फरवरी को होगा और नतीजे उसी दिन घोषित किए जाएंगे।