अब हरियाणा में भी अनलाॅक की प्रक्रिया शुरू

हरियाणा सरकार ने अनलाॅक करने की शुरूआत कर दी है। जिले में समीक्षा के बाद अनुमति दी जाएगी। सरकार की ओर से कहा गया है कि दुकाने खुलने का समय जो पहले सुबह 7 बजे से 12 बजे तक था वो अब सुबह 9 बजे से 3 बजे तक किया जाएगा।

चंडीगढ। कोरोना (COVID19) संक्रमण से राहत मिलने लगा है। हरियाणा सरकार ने निर्णय लिया है कि वह भी अपने सीमा क्षेत्र में लोगों को सामान्य जीवन की ओर लौटने के लिए कहेगा। कोरोना के लिए जरूरी स्वास्थ्य निर्देशों का पालन करते हुए हरियाणा सरकार की ओर से अनलाॅक की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इसकी जानकारी स्वयं राज्य के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने दी।

राज्य में वर्तमान में 23 हजार 94 एक्टिव मरीज हैं। प्रदेश में मरीजों के ठीक होने का रिकवरी रेट 95 प्रतिशत से अधिक हो गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान ही राज्य में 13 हजार 752 मरीज ठीक होकर डिस्चार्ज हुए हैं। अभी तक प्रदेश में 7 लाख 54 हजार के लगभग पॉजिटिव मरीज मिले हैं।

रविवार को मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर (Manohar lal Khattar) ने कहा कि महामारी अलर्ट सुरक्षित हरियाणा को कुछ छूट देते हुए एक हफ़्ते के लिए बढ़ाया जा रहा है। दुकाने खुलने का समय जो पहले सुबह 7 बजे से 12 बजे तक था वो अब सुबह 9 बजे से 3 बजे तक किया जाएगा।  इसमें ऑड-ईवन का नियम लागू होगा। कॉलेज, ITI और स्कूल 15 जून तक बंद रहेंगे। रात्रि कर्फ्यू 10 बजे से सुबह 5 बजे तक रहेगा।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर (Manohar lal Khattar) ने कहा कि ब्लैक फंगस के लगभग 750 मामले आ चुके हैं जिसमें 58 ठीक हो चुके हैं, 50 की मौत हो हुई है और 650 का ईलाज चल रहा है। हमें अभी तक इसके दवा की 6000 से अधिक शीशीयां मिल चुकी हैं जिसमें से 1200 शीशीयां उपलब्ध हैं। अगले 2 दिन में 2000 शीशीयां और आने वाली हैं।

बता दं कि हरियाणा में 58 मरीजों ने ब्लैक फंगस (Black Fungus) को शिकस्त दी है। ये मरीज अब म्यूकोर्मिकोसिस (ब्लैक फंगस) से पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं। प्रदेश में ब्लैक फंगस के अभी तक 756 मामले सामने आए हैं। इनमें से 648 का अभी अलग-अलग मेडिकल कॉलेजों में इलाज चल रहा है। 577 मरीजों के डाटा की स्टडी में सामने आया कि इनमें से लगभग 508 मरीज मधुमेह (शुगर) से भी पीड़ित पाए गए हैं। इनमें 442 पुरुष और 135 महिलाएं शामिल हैं। स्टडी रिपोर्ट के अनुसार, लगभग 86 प्रतिशत कभी न कभी कोविड-19 वायरस के संक्रमण से पीड़ित रहे हैं।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा गठित की गई टीमें गांवों में घर-घर लोगों की स्क्रीनिंग कर रही हैं। अभी तक 1 करोड़ 43 लाख 37 हजार 588 लोगों की घर जाकर स्वास्थ्य जांच की गई। शनिवार को ही 6 लाख 34 हजार 96 लोगों का स्वास्थ्य जांचा गया। पिछले 24 घंटों के दौरान ही 97 और लोगों की मौत संक्रमण से हुई है। हिसार में 15, गुरुग्राम में 9, जींद में 8, रोहतक में 7, पानीपत में 6, कैथल, यमुनानगर व पंचकूला में 5-5, कुरुक्षेत्र व भिवानी में 4-4, अम्बाला, सिरसा, महेंद्रगढ़, पलवल व फतेहाबादमें 3-3, चरखी दादरी व झज्जर में 2-2 तथा फरीदाबाद, सोनीपत, करनाल व नूंह में 1-1 व्यक्ति की जान महामारी से गई है।