नई दिल्ली। पंजाब का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की ओर से यह निर्णय आज किसी भी समय सार्वजनिक किया जा सकता है। इससे पहले चर्चा जोरों पर थी कि पूर्व केंद्रीय मंत्री अंबिका सोनी को कांग्रेस की ओर से पंजाब का मुख्यमंत्री बनाया जाएगा। इसके लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की ओर से हामी भर दी गई थी, लेकिन खुद अंबिका सोनी ने इसके लिए मना कर दिया था।
मीडिया से बात करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री अंबिका सोनी ने इतना जरूर कहा कि मुझे मुख्यमंत्री बनने के लिए कहा गया था। लेकिन मैंने मना कर दिया है। मेरी इच्छा है कि पंजाब का मुख्यमंत्री कोई सिक्ख ही बने।
पंजाब का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इस रेस में सुनील जाखड़, पूर्व केंद्रीय मंत्री अंबिका सोनी, नवजोत सिंह सिद्धू और विजय इंदर सिंगला भी शामिल हैं। हालांकि, फाइनल फैसला सोनिया गांधी को ही करना है, क्योंकि विधायक दल ने नया नेता चुनने के लिए सोनिया गांधी को ही अधिकृत किया है।
इसके साथ ही सवाल उठता है कि आखिर मुख्यमंत्री बनने से अंबिका सोनी ने क्यों मना कर दिया, जबकि पंजाब के कई नेता मुख्यमंत्री बनने के लिए ही बगावती तेवर अपनाए हुए हैं। मिली जानकारी के अनुसार, अंबिका सोनी को कैप्टन अमरिन्दर सिंह और दूसरे गुट के नेता नवजोत सिंह सिद्धू के बीच तालमेल बनाकर काम करना होता। जो कि वर्तमान परिस्थितियों में आसान नहीं दिखता है। इसके अलावा, कुछ महीने बाद पंजाब में विधानसभा चुनाव होना है। उसमें यदि पार्टी को हार मिलती तो उसका पूरा ठीकरा अंबिका सोनी के नाम ही फूटता। इसलिए अंबिका सोनी के सलाहकारों ने मुख्यमंत्री कुर्सी नहीं लेने का सुझाव दिया।