सिंगर केके की मौत पर बयानों का दौर, केंद्रीय सूचना मंत्री ने कही ये बात

के.के के नाम से मशहूर गायक कृष्णकुमार कुन्नाथ का कोलकाता में प्रदर्शन के बाद निधन हो गया। उनके निधन पर पीएम मोदी ने भी शोक संवदेना प्रकट की है। शुरुआत में इसे सामान्य मौत माना गया। लेकिन अब कोलकाता पुलिस ने इसे असामान्य मौत माना है और मामला दर्ज कर लिया है।

नई दिल्ली। पंजाब में गायक सिद्धू मूसेवाला की सरेआम हत्या कर दी गई, उसके बाद चर्चित सिंगर केके का मामला सामने आया। गायक कृष्णकुमार कुन्नथ(केके) का परिवार कोलकाता पहुंचा। कल रात कोलकाता में लाइव परफ़ॉर्मेंस के बाद उनका निधन हो गया था। उनके पार्थिव शरीर को सीएमआरआई अस्पताल में रखा गया है, जहां से उन्हें एसएसकेएम अस्पताल ले जाया जाएगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अपनी शोक संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि केके के नाम से प्रसिद्ध गायक कृष्णकुमार कुन्नाथ के असामयिक निधन से दुखी हूं। उनके गीतों ने भावनाओं की एक विस्तृत श्रृंखला को दर्शाया है। हम उन्हें उनके गानों के जरिए हमेशा याद रखेंगे। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना। ऊं शांति।

इस प्रकरण को लेकर खूब बयानबाजी हो रही है। इसी संदर्भ में केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि श्री कृष्णकुमार कुन्नथ(केके) ने अपनी बेहतरीन गायकी से लोगों के दिलों में अपनी अलग जगह बनाई है। यूँ अचानक उनके देहावसान की खबर स्तब्ध कर देने वाली है। अत्यंत दुःखद…उनका जाना संगीत जगत की बहुत बड़ी क्षति है जिसकी भरपाई असंभव है।

संगीतकार केके के निधन पर TMC नेता बाबुल सुप्रियो ने कहा कि वे बेहतरीन संगीतकार थे। वे बहुत शांतिपूर्ण जीवन जीते थे। संगीत की दुनिया में केके की आवाज़ का बड़ा योगदान रहा है। हम उन्हें किसी पार्टी में देखते भी नहीं थे। वे आते थे, गाना गाते थे और चले जाते थे। उनका जाना काफी दुखद है।

बता दें कि वह कोलकाता के एक कॉलेज फेस्ट में परफॉर्मेंस देने पहुंचे थें। स्टेड पर लाइव कंसर्ट के दौरान ही उनकी तबीयत खरबा होने लगी थी। वह कंसर्ट के दौरान बीच बीच में ब्रेक लेकर बैट स्टेज पर आराम कर रहे थे। शो खत्म होने पर केके जैसे ही अपने होटल पहुंचें उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई और उन्हें कोलकाता के सीएमआरआई अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।अब कोलकाता पुलिस ने ‘असामान्य मौत’ का मामला दर्ज किया है। यह मामला सिंगर के चेहरे और सिर पर चोट के निशान मिलने के बाद दर्ज किया गया है। मौत के असली कारणों का पता लगाने के लिए आज एसएसकेएम अस्पताल में केके के शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा।