COVID19 in India : बीते एक दिन में कोरोना से छह लोगों की हुई मौत

नई दिल्ली। कोरोना संक्रमण अभी भी देश में लोगों की जान लील रहा हैं। हजारों की संख्या में लोग बीमार हैं। अस्पताल में भी कोरोना संक्रमित भर्ती हैं। बुधवार की सुबह केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, भारत में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 2,745 नए मामले सामने आए और 2,236 लोग कोरोना से ठीक हुए। पिछले 24 घंटों में कोविड संक्रमित लोगों में 6 की मृत्यु हुई। अभी पूरे देश में कोरोना के कुल सक्रिय मामले 18,386 हैं और दैनिक पॉजिटिविटी दर 0.60% है।

दिल्ली में पिछले 24 घंटो में कोविड के 373 नए मामले सामने आए और 255 मरीज़ ठीक हुए। पिछले 24 घंटों में एक व्यक्ति की मृत्यु हुई। महाराष्ट्र में 24 घंटे में #COVID19 के 711 नए मामले सामने आए हैं। सक्रिय मामले 3,475 हैं।

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, भारत का कोविड-19 टीकाकरण कवरेज 193.45 करोड़ के पार (1,93,45,19,805) पहुंच गया है। इसे 2,45,38,123 सत्रों के माध्यम से अर्जित किया गया है। आयु समूह 12-14 वर्षों के लिए कोविड-19 टीकाकरण 16 मार्च, 2022 को आरंभ किया गया था। अभी तक, आयु समूह 12-14 वर्षों के लिए 3.39 करोड़ (3,39,15,068) किशारों को कोविड-19 टीके की पहली खुराक दी गई है। इसी प्रकार, आयु समूह 18-59 वर्षों के लिए कोविड-19 सावधानी टीकाकरण भी 10 अप्रैल, 2022 के बाद से आरंभ किया गया है।