Sant Ravidas Jayanti : संत रविदास जयंती पर पीएम मोदी ने मंदिर में बजाया मंजीरा

संत रविदास 15वीं से 16वीं शताब्दी के दौरान भक्ति आंदोलन से जुड़े थे और उनके भजन गुरु ग्रंथ साहिब में शामिल हैं। उन्हें 21वीं सदी के रविदासिया धर्म का संस्थापक माना जाता है। रविदास जयंती माघ पूर्णिमा को मनाई जाती है, जो हिंदू कैलेंडर के अनुसार माघ महीने की पूर्णिमा का दिन है।

नई दिल्ली। आज पूरे देश में संत रविदास की जयंती मनाई जा रही है। विधानसभा चुनाव के बीच दलित वौटबैंक के लिए आज का दिन नेताओं के लिए काफी ज्यादा खास माना जा रहा है। कई राज्यों में सार्वजनिक घोषणा पहले से ही थी। दिल्ली सरकार ने भी एक दिन पहले आज के सार्वजनिक अवकाश की घोषणा कर दी। कई मंदिरों में संत रविदास के भजन गाए गए और पूजा अर्चना की गई। राजधानी दिल्ली के करोलबाग स्थित संत रविदास मंदिर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली के करोल बाग में गुरु रविदास मंदिर के दर्शन करने पहुंचे जहां उन्हें संत रविदास की मूर्ति भेंट की गई। संत रविदास जंयती के मौके पर पूजा-अर्चना करने के बाद पीएम मोदी ने लोगों के साथ बैठकर मंजीरा भी बजाया।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संत रविदास जी महाराज की जयंती पर रविदास मंदिर के दर्शन के बाद लंगर खाया। इसके बाद मीडिया से बातचीत में कहा, ”ये हमारा सौभाग्य है कि संत रविदास जी महाराज का जन्म वाराणसी में काशी की पवित्र धरती पर हुआ।” बता दें, यूपी चुनावों के बीच सीएम योगी का रविदास मंदिर पहुंचना और लंगर खाना राजनीति से भी जोड़कर देखा जा रहा है।
वाराणसी को संत रविदास की जन्मस्थली माना जाता है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने मीडिया से बात करते हुए सभी को रविदास जयंती की बधाई दी। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार यहां के विकास काम के लिए प्रतिबद्ध है। इससे पहले सीएम योगी ने एक के बाद एक कई ट्वीट किए और अपने आने की जानकारी दी थी।

उन्होंने ट्वीट में लिखा, “आज मैं वाराणसी के ‘सीर गोवर्धनपुर’ में पूज्य संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित होऊंगा। आदरणीय प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में भाजपा की डबल इंजन की सरकार उनकी पावन जन्मस्थली के समग्र विकास हेतु पूरी तन्मयता से कार्य कर रही है।”