Sports News : नहीं रहे मशहूर गेंदबाज शेन वार्न, पूरी दुनिया कर रही है याद

क्रिकेट की दुनिया का एक महान सितारा अब हमारे बीच नहीं रहा। पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर शेन वॉर्न का 52 साल की उम्र में 'संदिग्ध दिल का दौरा पड़ने' से निधन हो गया।

नई दिल्ली। स्पिन के जादूगर कहे जाने वाले ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर शेन वॉर्न का आज (शुक्रवार) निधन हो गया। बताया जा रहा है कि थाईलैंड के कोह सामुई स्थित अपने विला में रह रहे शेन वॉर्न को दिल का दौरा पड़ा जिससे उनका निधन हो गया। 1992 से 2007 तक क्रिकेट की दुनिया में अपनी बादशाहत के लिए मशहूर शेन वॉर्न के जाने से न सिर्फ उनके फैंस को बल्कि कई हस्तियों को भी गहरा सदमा पहुंचा है।

भारत के पूर्व क्रिकेटर विरेंद्र सहवाग ने लिखा, ‘यकीन करना मुश्किल है, महान स्पिनरों में से एक, स्पिन को कूल बनाने वाले सुपरस्टार शेन वार्न नहीं रहे। जीवन बहुत नाजुक है, लेकिन इसे थाह पाना बहुत मुश्किल है। दुनियाभर में उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना।’

भारत के दिग्गज खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर ने कहा कि स्तब्ध। तुम्हारी कमी खलेगी वॉर्नी। मैदान से भीतर या बाहर तुम्हारे साथ कोई पल उबाऊ नहीं होता था। मैदान के भीतर हमारी प्रतिद्वंद्विता और बाहर हंसी मजाक को हमेशा याद करूंगा। भारत के लिये तुम्हारे मन में खास जगह थी और भारतीयों के मन में तुम्हारे लिये। बहुत जल्दी चले गए।