आज है बिरसा मुंडा की जयंती, आदिवासी समाज सहित पूरा देश कर रहा है उन्हें याद

उलगुलान के प्रणेता और स्वतंत्रता के प्रबंल समर्थक रहे भगवान बिरसा मुंडा की आज जयंती है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कई कार्यक्रमों की शुरुआत कर रहे हैं। इसके साथ ही झारखंड अपना राज्य स्थापना दिवस भी मना रहा है।

नई दिल्ली। स्वतंत्रता सेनानी और आदिवासी नेता बिरसा मुंडा की जयंती पर आज उन्हें याद किया जा रहा है। इस अवसर पर कई राज्यों में सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी झारखंड और मध्य प्रदेश के कई कार्यक्रमों को संबोधित करेंगे।

बता दें कि अपने कार्यों और आंदोलन की वजह से बिहार और झारखंड में लोग बिरसा मुंडा को भगवान की तरह पूजते हैं। बिरसा मुण्डा ने मुण्डा विद्रोह पारम्परिक भू-व्यवस्था के जमींदारी व्यवस्था में बदलने के कारण किया। बिरसा मुण्डा ने अपनी सुधारवादी प्रक्रिया के तहत सामाजिक जीवन में एक आदर्श प्रस्तुत किया.।उन्होंने नैतिक आचरण की शुद्धता, आत्म-सुधार और एकेश्‍वरवाद का उपदेश दिया। ब्रिटिश सत्ता के अस्तित्व को अस्वीकारते हुए अपने अनुयायियों को सरकार को लगान न देने का आदेश दिया था।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संदेश में कहा है कि भगवान बिरसा मुंडा जी को उनकी जयंती पर आदरपूर्ण श्रद्धांजलि। वे स्वतंत्रता आंदोलन को तेज धार देने के साथ-साथ आदिवासी समाज के हितों की रक्षा के लिए सदैव संघर्षरत रहे। देश के लिए उनका योगदान हमेशा स्मरणीय रहेगा। झारखंड के सभी निवासियों को राज्य स्थापना दिवस की ढेरों शुभकामनाएं। अपनी विशिष्ट संस्कृति के साथ ऐतिहासिक पहचान रखने वाली भगवान बिरसा मुंडा की यह धरती विकास यात्रा में आगे बढ़े, यही कामना है।

बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर ही झारखंड राज्य का स्थापना दिवस भी मनाया जाता है। दोनों की तारीख 15 नवंबर ही है। राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कई कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इसकी शुरूआत हो चुकी है, जिसकी जानकारी उन्होंने अपने ट्विटर अकांउट पर भी साझा की।