आज है पूर्व उपप्रधानमंत्री आडवाणी का जन्मदिन, नेता दे रहे हैं बधाई

नई दिल्ली। देश के पूर्व उप प्रधानमंत्री लाल कृष्ण आडवाणी का आज जन्मदिन है। सभी नेताओं ने देश व पार्टी के विकास में आडवाणी के योगदान की सराहना की। आडवाणी आज 95 वर्ष के हो गए।
इस अवसर पर केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह उनके आवास पर गए और उन्हें जन्मदिन की बधाई दी।

भाजपा के वरिष्ठ नेता और देश के सातवें उप प्रधानमंत्री लाल कृष्ण आडवाणी का जन्म पाकिस्तान के कराची में 8 नवंबर, 1927 को एक हिंदू सिंधी परिवार में हुआ था। उनके पिता का नाम किशनचंद आडवाणी और मां का नाम ज्ञानी देवी है। उनके पिता पेशे से एक उद्यमी थे।

शुरुआती शिक्षा उन्होंने कराची के सेंट पैट्रिक हाई स्कूल से ग्रहण की थी। इसके बाद उन्होंने हैदराबाद, सिंध के डीजी नेशनल स्कूल में दाखिला लिया। विभाजन के समय उनका परिवार पाकिस्तान छोड़कर मुंबई आकर बस गया। यहां उन्होंने लॉ कॉलेज ऑफ द बॉम्बे यूनिवर्सिटी से कानून की पढ़ाई की। उनकी पत्नी का नाम कमला आडवाणी है। उनके बेटे का नाम जयंत आडवाणी और बेटी का नाम प्रतिभा आडवाणी है।

लाल कृष्ण आडवाणी 2002 से 2004 के बीच अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में भारत के सातवें उप प्रधानमंत्री का पद संभाल चुके हैं। इससे पहले वह 1998 से 2004 के बीच भाजपा के नेतृत्व वाले नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस (एनडीए) में गृहमंत्री रह चुके हैं।