Ukraine Crisis : रूस दिखा रहा है अब आक्रामक रूख, जा रही है आम नागरिकों की भी जान

कीव। रूस और यूक्रेन की जंग अब पहले से अधिक आक्रामक हो रही है। जैसे जैसे दिन बीत रहे हैं, रूस हमला तेज कर रहा है। सैकड़ों आम नागरिक मारे गए हैं। सैन्य ठिकानों और कई शहर तबाह हो गए हैं। यूक्रेन और रूस के बीच युद्ध का आज 19वां दिन है और यूक्रेन में स्थिति नाजुक बनी हुई है क्योंकि वहां पर अभी भी बमबारी जारी है। रूसी सेना से घिरे यूक्रेनी शहरों में मानवीय स्थिति और अधिक विकट हो गई है, यूक्रेन और रूस के बीच महायुद्ध लगातार जारी हैं।

रूस दिन पर दिन यूक्रेन के खिलाफ आक्रामक होता जा रहा है। युद्ध के 19वें दिन रूस ने यूक्रेन के शहर खारकीव में भयंकर तबाही मचाई हैं। रूस लगातार खारकीव पर बमबारी कर रहा है। कीव में भी लगातार एयर स्ट्राइक हमले को लेकर सायरन बजाए जा रहे हैं और लोगों को सुरक्षित जहगों पर जाने की चेतावनी दी जा रही हैं। ताजा अपडेट के अनुसार लगातार हो रहे रूसी हमलों में कीव में एक अमेरिकी पत्रकार की मौत हो गयी है।।

संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने सोमवार को कहा कि वह यूक्रेन में युद्ध को समाप्त करने के लिए मध्यस्थता के प्रयासों को लेकर भारत और कई अन्य देशों के साथ करीबी संपर्क बनाए हुए हैं। गुतारेस ने यूक्रेन के बिगड़ते हालात पर चिंता जताते हुए कहा कि यह यूक्रेन के लोगों पर जारी अत्याचार को रोकने और कूटनीति और शांति के रास्ते पर चलने का समय है। गुतारेस ने यहां संवाददाताओं से कहा, इस युद्ध को समाप्त करने के लिए मध्यस्थता के प्रयासों को लेकर मैं चीन, फ्रांस, जर्मनी, भारत, इजराइल और तुर्की सहित कई देशों के साथ करीबी संपर्क में हूं।

यूक्रेन की राजधानी कीव और अन्य शहरों पर हमलों के बीच रूस और यूक्रेन के वार्ताकारों ने सोमवार को एक और दौर की वार्ता की। यूक्रेन के राष्ट्रपति के सलाहकार मिखाइलो पोदोल्याक ने कहा है कि रूस के साथ शांति वार्ता आज खत्म हुई लेकिन मंगलवार को यह फिर शुरू होगी। बेलारूस की सीमा पर तीन बार वार्ता विफल होने के बाद दोनों देशों ने 10 मार्च को पहली बार वीडियो लिंक के जरिये बातचीत की थी। पोदोल्याक ने ट्वीट किया, “कल तक के लिए बातचीत को विराम दिया गया है। अतिरिक्त कामकाज के लिए यह किया गया। वार्ता जारी रहेगी।” रेडक्रॉस ने कहा कि यूक्रेनवासियों के लिए रूस युद्ध ‘दु:स्वप्न से कम’ नहीं है। रेडक्रॉस के एक शीर्ष अधिकारी ने सोमवार को कहा कि यूक्रेन में वर्तमान में युद्ध से घिरे हुए शहरों में रह रहे लोग अथाह संकट का सामना कर रहे हैं और अधिकारी ने नागरिकों को निकलने एवं मानवीय सहायता पहुंचाने के लिए अग्रिम मोर्चो पर सुरक्षित मार्ग की अनुमति देने का आह्वान किया।