चंडीगढ़। पंजाब के भावी मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य के लोगों को 16 मार्च को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह के लिए आमंत्रित किया है। मान ने लोगों से बड़ी संख्या में समारोह में शामिल होने की अपील करते हुए पुरुषों से उस दिन विशेष रूप से ‘बसंती’ (पीली) पगड़ी और महिलाओं को पीला ‘दुपट्टा’ (शॉल) पहन कर आने का भी आग्रह किया। मान ने लोगों से उस पंजाब का निर्माण करने का भी आग्रह किया, जिसका भगत सिंह ने सपना देखा था।
दरअसल, शपथ ग्रहण समारोह नवांशहर जिले के महान स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह के पैतृक गांव खटकर कलां में आयोजित होगा। पंजाब के निर्वाचित मुख्यमंत्री ने सोमवार को टि्वटर पर एक वीडियो साझा करते हुए कहा, “मैं ही नहीं, पंजाब के तीन करोड़ लोग भी मेरे साथ शपथ लेंगे। हमें मिलकर भगत सिंह के सपनों को पूरा करना है और हम उनकी सोच को 16 मार्च को अमल में लाएंगे।“
ਆਓ ਸਾਰੇ ਰਲ਼ ਕੇ ਸ਼ਹੀਦ ਭਗਤ ਸਿੰਘ ਜੀ ਦੇ ਸੁਪਨਿਆਂ ਦਾ ਪੰਜਾਬ ਸਿਰਜੀਏ, 16 ਮਾਰਚ, ਬੁੱਧਵਾਰ ਨੂੰ ਖਟਕੜ ਕਲਾਂ ਵਿਖੇ ਸਹੁੰ ਚੁੱਕ ਸਮਾਗਮ ਵਿੱਚ ਪਹੁੰਚ ਦਾ ਤੁਹਾਨੂੰ ਸਭ ਨੂੰ ਸੱਦਾ ਦਿੰਦਾ ਹਾਂ। pic.twitter.com/xYBWeAXLLv
— Bhagwant Mann (@BhagwantMann) March 14, 2022
आम आदमी पार्टी (आप) के नेता ने कहा, “मैं अकेला मुख्यमंत्री नहीं बना हूं। आप सब मुख्यमंत्री बन गए हैं। अब आपकी अपनी सरकार होगी।’’ उन्होंने राज्य के लोगों से वीडियो में अपील करते हुए कहा, “मैं अपने भाइयों और दोस्तों से उस दिन बसंती रंग की पगड़ी और बहनों से बसंती रंग का दुपट्टा पहनने का आग्रह करता हूं। हम उस दिन खटकर कलां को ‘बसंती’ रंग में बदल देंगे।’’