लखनऊ। देश में जब कोरोना का कहर जारी है, कांग्रेस और भाजपा की ओर से बड़ी चुनावी रैली रद्द कर दी गई। उसके बाद आम आदमी पार्टी की ओर से भी ऐसा ही कदम उठाया गया है। आप के उत्तर प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने ट्वीट किया, ‘उप्र में आम आदमी पार्टी की सभी रैलियां रद्द। आठ जनवरी को वाराणसी में होने वाली रैली में फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम, यू-टयूब के माध्यम से आप से संवाद करूंगा।’’
उन्होंने कहा कि कोविड महामारी एक बार फिर विकराल संकट और चुनौती के रूप में हमारे सामने है। एक दिन में 90 हजार से ज्यादा मामले सामने आए हैं। चार जनवरी को 534 से ज्यादा लोगों की मृत्यु कोविड के कारण हुई है और इसी की वजह से उत्तर प्रदेश में आप की सभी चुनावी रैलियों और सभाओं को रद्द कर दिया गया है।
यू पी में @AamAadmiParty की सभी रैलियाँ रद्द।
8 जनवरी को वाराणसी में होने वाली रैली में Facebook,twitter,Instagram,YouTube के माध्यम से आपसे संवाद करूँगा। pic.twitter.com/kmPz9mB0zR— Sanjay Singh AAP (@SanjayAzadSln) January 6, 2022
उन्होंने कहा, ‘‘आठ जनवरी को वाराणसी, नौ जनवरी को साहिबाबाद और दस जनवरी से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में शुरू होने वाली यात्रायें रद्द कर दी गयी हैं। अब मैं आप लोगों से वर्चुअल माध्यम से जुडुंगा यानि आप लोगों को किसी स्थान पर इकटठा होने की जरूरत नहीं हैं। कही भीड़ करने की आवश्यकता नहीं है, अपने अपने घरों पर बैठकर टिवटर, फेसबुक, इंस्टाग्राम, जूम, यू-टयूब इन तमाम माध्यमों से आप मेरे साथ जुड़ सकते हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘आठ जनवरी की वाराणसी रैली में आप मेरे साथ वर्चुअल माध्यम से अपने अपने घरों में बैठकर जुड़ें। कोविड के बारे में भी बातचीत करेंगे और उत्तर प्रदेश के तमाम मुद्दों पर आपसे बातचीत करेंगे।’’















